खबर शिवपुरी जिले के ग्राम चमरौआ की है जहां एक दुखद घटना सामने आई है एक नवविवाहित दंपति ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक और युवती की दोस्ती PUBG गेम के जरिए हुई थी जो प्यार में बदल गई। परिजनों के अनुसार 28 वर्षीय विनोद जाटव की मुलाकात दिल्ली की 24 वर्षीय अंजली कुशवाह से PUBG खेलते हुए हुई थी। दोनों की दोस्ती बढ़ी और प्यार में बदल गई। इसके बाद विनोद पढ़ाई के लिए दिल्ली चला गया जहां दोनों अक्सर मिलने लगे। अंजली ने विनोद पर शादी का दबाव बनाया जिसके बाद विनोद ने अपने परिवार को इस रिश्ते के बारे में बताया। परिवार ने पहले तो विरोध किया लेकिन फिर उनकी खुशी के आगे झुक गए और चार महीने पहले दोनों की शादी कर दी गई। हालांकि शादी के कुछ ही समय बाद उनका रिश्ता अचानक इस कदर टूट गया कि दोनों ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना तब मिली जब सुबह 8 बजे तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिजनों ने रोशनदान से अंदर झांका तो देखा कि अंजली फांसी के फंदे से लटकी हुई थी और विनोद जमीन पर मृत पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। प्रारंभिक जांच के अनुसार कमरे में झगड़े के संकेत मिले हैं। कमरे में एक टूटा हुआ मोबाइल और बिखरा हुआ सामान मिला। पुलिस का मानना है कि विनोद ने पहले जहर खाया और फिर अंजली ने फांसी लगाई। दोनों के हाथों पर मेहंदी से उनके नाम लिखे हुए थे और अंजली की मांग सिंदूर से भरी हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
