SA vs Aus WTC Final: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल का रोमांच जारी है। मुकाबले के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने गेंद और फील्डिंग दोनों में अपना दबदबा कायम रखा। साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 8 विकेट पर 144 रन बनाकर 218 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है।

Read More: MPL Season 2 Gwalior Cricket: ग्वालियर में आज से क्रिकेट का महासंग्राम, द ग्रेट खली करेंगे उद्घाटन…
SA vs Aus WTC Final: मार्नस लाबुशेन का बेहतरीन डाइविंग कैच…
ऑस्ट्रेलिया को दूसरे दिन की पहली सफलता शानदार फील्डिंग से मिली। 40वें ओवर की दूसरी गेंद पर पैट कमिंस ने टेम्बा बावुमा को फुल लेंथ बॉल फेंकी, जिसे बावुमा ने कवर ड्राइव करने की कोशिश की। शॉर्ट कवर पर खड़े मार्नस लाबुशेन ने दाईं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। बावुमा 36 रन बनाकर आउट हुए और डेविड बेडिंघम के साथ 64 रन की साझेदारी भी टूटी।

DRS के कारण मिला विकेट, कमिंस की कप्तानी में चतुराई…
ऑस्ट्रेलिया को छठा विकेट DRS के जरिए मिला। कमिंस की गेंद पर विकेटकीपर काइल वेरियन के पैड पर गेंद लगी, लेकिन अंपायर ने अपील ठुकरा दी। कप्तान कमिंस ने तुरंत रिव्यू लिया और रिप्ले में दिखा कि गेंद स्टंप्स से टकरा रही थी। अंपायर ने अपना फैसला बदला और वेरियन को 13 रन पर पवेलियन लौटना पड़ा।

कमिंस का कॉट एंड बोल्ड: एक ओवर में 2 विकेट…
52वें ओवर में पैट कमिंस ने दमदार प्रदर्शन किया। पहले उन्होंने वेरियन को क्लीन बोल्ड किया और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर मार्को यानसन का अपनी ही गेंद पर बेहतरीन कैच पकड़ा। यानसन खाता भी नहीं खोल सके। यह कमिंस की गेंदबाजी का क्लासिक नमूना था।

13 रन में गिरे आखिरी 5 विकेट…
साउथ अफ्रीका की पारी का अंत बेहद खराब रहा। टीम ने 125 रन तक 5 विकेट खोए थे, लेकिन अगले 13 रन में बाकी सभी 5 विकेट भी गिर गए और पूरी टीम 138 रन पर सिमट गई। गौरतलब है कि इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी पहली पारी में आखिरी 5 विकेट 22 रन के अंदर गंवा दिए थे।
कमिंस ने पूरे किए 300 टेस्ट विकेट…
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टेस्ट करियर में बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपने 300 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। अब उनके नाम 68 टेस्ट मैचों में 300 विकेट और 14 बार पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड है। 2023 WTC विजेता कप्तान के रूप में कमिंस की यह उपलब्धि ऐतिहासिक मानी जा रही है।
