Nagar Nigam Candidate List: रायपुर: छत्तीसगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार देर रात कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम के प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी, जिसमें 70 में से 66 वार्डों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। हालांकि, 4 वार्डों के प्रत्याशी अभी तक तय नहीं किए गए हैं और इस पर मंथन जारी है।
लिस्ट जारी होते ही कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई कार्यकर्ता टिकट न मिलने से नाराज हैं, जिससे पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस के मौजूदा पार्षद हरदीप सिंह उर्फ बंटी होरा ने शहीद हेमू कालाणी वार्ड से टिकट न मिलने पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस्तीफे का ऐलान किया। इसके साथ ही महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव पूनम पांडे ने भी टिकट न मिलने पर नाराजगी जताते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
Nagar Nigam Candidate List: नेताओं के बीच आपसी खींचतान जारी

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की ओर से जारी की गई लिस्ट में रायपुर नगर निगम की 4 सीटों पर अभी भी असमंजस बना हुआ है। इन सीटों पर नेताओं के बीच आपसी खींचतान के कारण प्रत्याशी तय नहीं हो पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मौलाना रउफ वार्ड में पूर्व महापौर एजाज ढेबर अपनी पत्नी को टिकट दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, मदर टेरेसा वार्ड में अजीत कुकरेजा टिकट के लिए कांग्रेस में वापसी करना चाहते हैं, लेकिन पार्टी किसी और को प्रत्याशी बनाने के पक्ष में है। इसके अलावा, राजेंद्र प्रसाद वार्ड में साहू समाज के दो नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, और समाज तथा पार्टी के पसंदीदा उम्मीदवारों के बीच टकराव जारी है।
अरविंद दीक्षित वार्ड में भी मौजूदा पार्षद आकाश दीप के खिलाफ विरोध बढ़ता जा रहा है। हालांकि, पार्टी के कई बड़े नेता आकाश दीप के पक्ष में लॉबिंग कर रहे हैं, लेकिन पार्टी किसी और को इस वार्ड से प्रत्याशी बनाने के लिए विचार कर रही है।
