rohit sharma retirement: क्रिकेट के नजरिए से रोहित शर्मा के लिए पिछले कुछ महीने चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं और कप्तानी भी असरदार साबित नहीं हो रही है। मेलबर्न टेस्ट में भी यही देखने को मिला। फील्डिंग के दौरान उनसे कप्तानी में गलतियां हुईं और बल्लेबाजी में उन्होंने ओपनिंग की, लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। रोहित सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर मेलबर्न पहुंचे हैं, जिससे यह चर्चा जोरों पर है कि वह रोहित के संन्यास पर बात करने आए हैं।
क्या यह रोहित की आखिरी सीरीज होगी?
टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बीच चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर के मेलबर्न पहुंचने की खबर आई है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अगरकर रोहित शर्मा के भविष्य पर चर्चा कर सकते हैं। भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगर भारत वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाता है, तो सिडनी टेस्ट रोहित का आखिरी मैच हो सकता है। आने वाले हफ्तों में चैंपियंस ट्रॉफी (वनडे) खेली जानी है, और रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर रोहित से टेस्ट की जिम्मेदारी हटाकर वनडे पर फोकस करने की सलाह दे सकते हैं।
हाल ही में प्लेइंग इलेवन में जगह न मिलने के कारण दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने संन्यास की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद विवाद हुआ था। दावा किया गया था कि अश्विन को यह फैसला लेने पर मजबूर किया गया। अब टीम मैनेजमेंट रोहित से भी इसी तरह के फैसले की उम्मीद कर रहा है। हालांकि, खराब फॉर्म के बावजूद विराट कोहली को लेकर ऐसी कोई चर्चा नहीं है।
Read More- ind vs aus test live: मेलबर्न में बारिश रुकी, तीसरे सेशन का खेल शुरू
रोहित का प्रदर्शन
रोहित शर्मा का प्रदर्शन इस सीरीज में बेहद खराब रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 पारियों में 5.5 की औसत से केवल 22 रन बनाए हैं। उन्होंने 3, 6, 10 और 3 रनों की पारियां खेली हैं। पिछली 14 टेस्ट पारियों में उन्होंने 11.07 की औसत से सिर्फ 155 रन बनाए हैं, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है। इस दौरान वह 9 बार 10 रन से पहले ही आउट हुए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद, भारत मौजूदा सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट पहले ही हार चुका है। अब देखना होगा कि रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलें कितनी सच साबित होती हैं।
