Rishikesh police encounter: ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हरियाणा के एक शातिर अंतर्राज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। कोतवाली पुलिस के मुताबिक SSP देहरादून के निर्देश पर 7 अप्रैल की रात ऋषिकेश पुलिस जंगलात बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस पर फायरिंग
पुलिस को देखकर कार चालक वाहन मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और सरकारी वाहन से पीछा शुरू किया। काली मंदिर के पास मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा और पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों पर फायर झोंक दिया। पुलिस टीम ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। जिसकी पहचान इमरान निवासी ग्राम सुडाका जिला नूह मेवात हरियाणा के रूप में हुई है।

Rishikesh police encounter: आरोपी का कबूलनामा
तलाशी के दौरान कार से हरियाणा की मूल नंबर प्लेट बरामद हुई, जबकि गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने आरोपी से 315 बोर का तमंचा, एक जनता कारतूस एक खोखा फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है। पूछताछ में इमरान ने कुबूल किया कि उसने एक महीने पहले अपने साथी के साथ मिलकर ऋषिकेश क्षेत्र से एक डंपर चोरी किया था। जिसे वह मेवात ले गया था। वह दोबारा ऋषिकेश में वाहन चोरी की रेकी करने आया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण पकड़ा गया।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
