Rishikesh gas cylinder raid: ऋषिकेश प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैस एजेंसियों और होटल-रेस्टोरेंट में बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग के खेल का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। SDM ऋषिकेश योगेश मेहरा और सीओ नीरज सेमवाल के साथ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की संयुक्त टीम ने खदरी खड़क माफ स्थित आशुतोष गैस एजेंसी के डिस्ट्रीब्यूशन वाहन की जांच की।

रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया। बिना नंबर के वाहन में बैठे अमन चौहान नाम के युवक को भरे हुए घरेलू सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से रिफिलिंग का अवैध उपकरण भी बरामद किया गया। वाहन में 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद हुए। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अमन चौहान को हिरासत में ले लिया है।

Rishikesh gas cylinder raid: SDM की चेतावनी
पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर थाना ऋषिकेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने वाहन को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी सिलेंडरों को जब्त कर अंकुर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस का उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोरतम विधिक कार्यवाही की जाएगी। SDM ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सर्वर डाउन होने की स्थिति में भी ऑफलाइन माध्यम से बुकिंग जारी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
