पीएम मोदी की तरफ से चादर चढ़ाना देश की तरफ से चादर चढ़ाने जैसा हैः रिजिजू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजी गई चादर को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चढ़ाया गया। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू शनिवार को प्रधानमंत्री की चादर लेकर अजमेर दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने देश में अमन चैन और भाईचारे की प्रार्थना की। इसके बाद प्रधानमंत्री का संदेश पढ़ा।
जयपुर हवाई अड्डे पर रिजिजू ने कहा, ‘पीएम मोदी की तरफ से चादर चढ़ाना पूरे देश की तरफ से चादर चढ़ाने जैसा है। हम देश में अच्छा माहौल चाहते हैं। अजमेर की दरगाह पर लाखों लोग आते हैं। उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसलिए ऐप और वेब पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है।
गरीब नवाज’ ऐप लॉन्च
इसमें दरगाह में मिलने वाली सुविधाओं समेत हर तरह की जानकारी मिलेगी। रिजिजू दरगाह के वेब पोर्टल और श्रद्धालुओं के लिए ‘गरीब नवाज’ ऐप भी लॉन्च करेंगे। इसके अलावा उर्स के लिए ऑपरेशन मैनुअल भी जारी किया जाएगा।

उर्स की घोषणा 1 जनवरी को शहर के काजी मौलाना तौसीफ अहमद सिद्दीकी और समिति के सदस्यों द्वारा की गई थी। इसके बाद बड़े पीर साहिब की पहाड़ी से तोप के गोले चले। अगले दिन 2 जनवरी की सुबह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार और बॉलीवुड द्वारा चादर चढ़ाई गई.
‘विविधता में एकता हमारी संस्कृति है
रिजिजू ने कहा, ‘अजमेर में उर्स के दौरान गरीब नवाज की दरगाह जाना देश की पुरानी परंपरा है। मुझे पीएम मोदी की तरफ से चादर चढ़ाने का मौका मिला है। यह सद्भावना, भाईचारे का संदेश है। शुक्रवार को मैं दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन की दरगाह पर गया। चादर चढ़ाई और दुआ मांगी।
उर्स के शुभ अवसर पर हम देश में अच्छा माहौल चाहते हैं। विविधता में एकता हमारी संस्कृति है। सभी समुदाय के लोग गरीब नवाज के लिए दुआ कर रहे हैं।
