RCB IPL 2026 Match Venue: RCB Home Ground 2026 Venue: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए खुशखबरी है,अब RCB टीम एक बार फिर अपने घरेलू मैदान पर लौट रही है। टीम IPL 2026 में अपने 7 घरेलू मुकाबलों में से 5 मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि बाकी 2 मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
फ्रेंचाइजी ने 3 मार्च को इसकी ऑफिशियल घोषणा कर दी है।
2 मार्च की बैठक में हुआ फैसला
2 मार्च सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के बीच लंबी बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी फैसले की जानकारी दे दी गई है।

पहली बार बड़े मैच की मेजबानी
पिछले सीजन खिताब जीतने के बाद आयोजित विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस दुखद घटना के बाद से चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई बड़ा घरेलू टूर्नामेंट आयोजित नहीं हुआ।

न तो रणजी ट्रॉफी, न विजय हजारे ट्रॉफी और न ही महाराजा ट्रॉफी (KSCA T20) के मुकाबले यहां खेले गए। सुरक्षा और जांच प्रक्रिया के चलते लंबे समय तक इस वेन्यू पर अनिश्चितता बनी रही।
डी’कुन्हा कमेटी ने उठाए थे सवाल
विमेंस वर्ल्ड कप के दौरान जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी ने भी स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था। रिपोर्ट में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं जताई गई थीं।

कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट में हादसे के लिए RCB प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। सरकार ने कहा था कि- ‘विक्ट्री परेड के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। रिपोर्ट में टीम के प्रमुख खिलाड़ियों का भी जिक्र था।’
सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार
फ्रेंचाइजी के मुताबिक, IPL 2026 से पहले स्टेडियम के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है। भीड़ नियंत्रण, एंट्री-एग्जिट मैनेजमेंट और आपातकालीन व्यवस्थाओं में सुधार किए गए हैं।
RCB ने बयान में कहा कि- ‘राज्य सरकार, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और कर्नाटक पुलिस के सहयोग से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। फ्रेंचाइजी ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।’
