करंट से मौत, चिकित्सालय में हंगामा
हादसे की खबर फैलते ही मृतक कमल सैनी के परिजन और माचाडी गांव के ग्रामीण राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचे। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। उनका कहना था कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह हादसा हुआ। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सालय परिसर में ठेकेदार को बुलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान चिकित्सालय के सामने स्टेशन मार्ग पर कई बार जाम भी लगाया गया। आक्रोश इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों और परिजनों ने ठेकेदार के भाई के साथ मारपीट भी की, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर छुड़ाया।
5 घंटे की मशक्कत के बाद हालातों पर काबु
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना, राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना और रैणी थानाधिकारी रामजीलाल मीना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कई दौर की वार्ता के बाद पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया और मृतक कमल सैनी के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
Rajgarh electric shock death: ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना ने बताया कि मृतक के पिता गिल्याराम सैनी ने इस संबंध में एक शिकायत दर्ज की है। शिकायत में कहा गया है कि कमल सैनी, जो चिनाई का कार्य करता था, मंगलवार सुबह ठेकेदार के साथ काम पर गया था। ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। थानाधिकारी ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम के बाद कमल सैनी के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
हेमंत गुप्ता की रिपोर्ट
