Raiwala betting gang: उत्तराखंड के रायवाला पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग स्थित हरिपुर कलां क्षेत्र के एक फ्लैट में छापेमारी कर मध्य प्रदेश के रहने वाले 4 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में नकदी, एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं।
ऑनलाइन सट्टेबाजी
घटना 17 मार्च 2026 की है। जब रायवाला पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान पर थी। हरिपुर कलां में एक गली के पास पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। जिसने अपना नाम दर्शन जगनानी निवासी बुरहानपुर MP बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कुबूला कि वह अपने 3 अन्य साथियों के साथ शांति भवन के फ्लैट में रहकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का काम कर रहा है। पुलिस जब बताए गए फ्लैट पर पहुंची, तो वहां 3 अन्य युवक साहिल आहूजा, सूरज और हेमन्त शर्मा निवासी मध्य प्रदेश लैपटॉप और मोबाइल के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाते हुए मिले।

Raiwala betting gang: क्या हुआ बरामद?
मौके से पुलिस को एक लाख चौरासी हजार रुपये नकद, 1 लैपटॉप, 7 मोबाइल, 4 सिम कवर, वाईफाई राउटर, 19 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 3 पासबुक, 1 चेकबुक और हिसाब किताब के 3 रजिस्टर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे REDDY PANEL RD 121 नामक आईडी और ramesh247.com जैसी वेबसाइटों के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाते है। वे क्रिकेट लाइन ऐप और CREX ऐप के जरिए रेट तय करते है।
मास्टरमाइंड की तलाश
गिरोह का मास्टरमाइंड कोई अज्ञात व्यक्ति है। जिसने इन्हें दिल्ली से सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराए है। ये लोग केवल पैसों के लेनदेन का प्रबंधन करते है। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और इनके द्वारा इस्तेमाल किए गए बेनामी बैंक खातों की जांच कर रही है। रायवाला थाने का प्रभार संभाल रहे आईपीएस प्रियव्रत जोशी ने बताया कि सभी आरोपियों को मुकदमे के आधार पर न्यायालय में पेश किया गया जहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
