Reporter- अजय गोहिल
रायसेन जिले में भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में आयशर ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना दीवानगंज के चौहान ढाबे के पास देर रात हुई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। ट्रैक्टर सवार युवक रायसेन कृषि मंडी से धान बेचकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान दीवानगंज के पास ग्राम कायमपुर के निवासियों के रूप में हुई है।
पुलिस ने की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही दीवानगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं
