Punjab politics: मंगलवार को पंजाब की सियासत में एक बार फिर गर्माहट देखने को मिली, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर के धूरी में आयोजित एक विशाल जनसभा में अपनी सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया। इस दौरान जहां उन्होनें जनता को राहत देने वाले कई संकेत दिए, वहीं विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री मान ने किया नए अस्पताल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री मान ने अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समागम से पहले उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक नए सरकारी अस्पताल का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि इसे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए गए वादों को जमीनी स्तर पर पूरा किया है। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
मुफ्त बिजली योजना से लाखों परिवारों को मिली राहत: मान
मुख्यमंत्री मान आगे बोले कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा पूरी तरह लागू कर दिया गया है, जिससे लाखों परिवारों का आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में बिजली बिलों में अतिरिक्त राहत भी दी जाएगी, जिससे आमजनों को और सहूलियत मिलेगी।
महिलाओं को जल्द ही मिलेगी आर्थिक सहायता
इसके बाद CM मान ने महिलाओं को हर महीने 1000 से 1500 रुपये देने की योजना पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह योजना धरातल पर नजर आएगी।
उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा, “अब विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। जो काम अधूरे हैं, उन्हें अगले एक साल में पूरा कर लिया जाएगा।”
जनसभा में गूंजा भावुक स्वर, गरीबों का दर्द हुआ उजागर
जनसभा के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया जब एक युवती ने क्रांतिकारी कवि संत राम उदासी की पंक्तियों के जरिए गरीब वर्ग की पीड़ा को सामने रखा। युवती ने नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा में बैठकर 1500 रुपये को मामूली बताना आसान है, लेकिन एक गरीब परिवार के लिए यही राशि महीने भर की जरूरतें पूरी करती है। उसके इस बयान ने सभा में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और सामाजिक असमानता पर गहरी सोच छोड़ गया।
