Punjab news: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर मंडरा रहे संकट के बीच पंजाब सरकार ने राज्य में पेट्रोल और डीजल के पर्याप्त भंडार का भरोसा जनता को दिलाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य पूरी तरह तैयार है और जनता को किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है।

आपात स्थिति के लिए सुरक्षित भंडार, नियमित सप्लाई जारी, बोले सीएम
सीएम मान ने जानकारी दी कि पंजाब में वर्तमान में 12 दिनों का पेट्रोल और 14 दिनों का डीजल इमरजेंसी स्टॉक उपलब्ध है। वे आगे बोले कि यह भंडार नियमित आपूर्ति से अलग रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में राज्य को दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई मुख्यमंत्रियों की बैठक में उन्होंने इस स्थिति से उनको अवगत कराया है।
गेहूं कटाई के लिए ईंधन सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग
आगे प्रकाश डालते हुए सीएम मान ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि आने वाले दिनों में राज्य में गेहूं की कटाई और भंडारण का कार्य तेज़ी से शुरू होगा, जिसके लिए पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति बेहद जरूरी है। वे बोले कि इसके अलावा, धान की अगली फसल को ध्यान में रखते हुए डाय-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

अनाज भंडारण पर भी उठाए गए अहम मुद्दे
मुख्यमंत्री मान ने बयान जारी रखते हुए कहा कि इस समय पंजाब के गोदामों में लगभग 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 139 लाख मीट्रिक टन चावल मौजूद है। उन्होंने अनुमान जताया कि अप्रैल में करीब 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं और आने वाला है।
स्पेशल ट्रेन से अनाज निकासी की मांग उठाई
सीएम मान ने दावा किया कि उन्होंने केंद्र से विशेष ट्रेनें चलाकर गोदामों से अनाज निकालने की मांग की है, ताकि नई फसल के भंडारण में कोई बाधा न आए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से अंतरराष्ट्रीय संबंधों का उपयोग कर समुद्री मार्गों में फंसे भारतीय जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने का भी आग्रह किया।
