Punjab news: मध्य पूर्व में लगातार चल रहे तनावपूर्ण हालात के बीच वहां फंसे पंजाब के लोगों की सुरक्षित वापसी को लेकर पंजाब सरकार सक्रिय हो गई है. प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विदेशों में फंसे पंजाबियों की मदद और समन्वय के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती कर दी है. अधिकृत सूत्रों के अनुसार, सरकार का उद्देश्य संकट की इस घड़ी में अपने नागरिकों और उनके परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है.

24×7 हेल्पलाइन नंबर की भी हुई थी स्थापना
मुख्यमंत्री मान की ओर से निर्देश जारी होने के बाद राज्य सरकार ने तुरंत ही 24×7 हेल्पलाइन शुरू कर दी है, ताकि विदेशों में फंसे पंजाबियों या उनके परिजनों की शिकायतों और जानकारी को तत्काल प्रभाव से दर्ज किया जा सके. जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आर के जैसवाल को इस हेल्पलाइन का ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है. इसके अलावा गृह विभाग के सचिव विमल सेतिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पूरे मामले की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे. सरकार द्वारा उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें, ताकि फंसे हुए लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके.

सभी कॉल्स पर होगी तुरंत कार्यवाही
सरकारी अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली हर कॉल का विस्तृत रिकॉर्ड रखा जाएगा और उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर भी लगातार नजर रखेंगे.
अगर किसी मामले को विदेश मंत्रालय या किसी अन्य संबंधित विभाग के समक्ष उठाने की आवश्यकता होगी, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढाया जायेगा, जिससे प्रभावित व्यक्तियों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके.
संकट के समय पंजाब के लोगों के साथ खड़ी सरकार, बोले CM मान
अधिकारियों की तैनाती के उपरान्त मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह कदम मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे पंजाब के निवासियों की आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. वे आगे बोले कि सरकार का मकसद इस कठिन और अप्रत्याशित संकट के समय प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करना है.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार मजबूती से खाड़ी क्षेत्र में फंसे अपने प्रदेश के नागरिकों के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
