Punjab news: सोमवार को पंजाब के पटियाला जिले के सनौर में आयोजित जनसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को एक-दूसरे का सहयोगी करार देते हुए जनता से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही साथ, उन्होंने हरियाणा को पानी के मुद्दे पर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि पंजाब राज्य अपने हिस्से से एक बूंद भी अतिरिक्त पानी नहीं देगा।
विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- ‘दोनों पार्टियां आपस में मिली हुई’

सीएम मान ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार जहां पंजाब के भविष्य की बात करती है, वहीं विपक्षी दल सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाये कि कांग्रेस और अकाली दल के नेता अंदरखाने एकजुट हैं और जनता को भ्रमित कर रहे हैं। मान आगे बोले कि दोनों दल कभी एक-दूसरे के खिलाफ खुलकर नहीं बोलते, जिससे उनकी मिलीभगत जनता के बीच साफ झलकती है।
सीएम मान ने अपनाया पानी के मुद्दे पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री मान ने फिर हरियाणा के साथ जल बंटवारे के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि पंजाब अपने हिस्से का पूरा हिसाब रखता है। उन्होंने कहा कि हर साल 21 मई को पानी का बंटवारा होता है, लेकिन अब पंजाब किसी भी स्थिति में अपने हिस्से से ज्यादा पानी हरियाणा को नहीं देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब पुराने समय की तरह समझौते नहीं होंगे, बल्कि हर बूंद का हिसाब रखा जाएगा।
रोजगार और शिक्षा पर आप सरकार का फोकस, बोले मान
सीएम मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 65 हजार नौकरियां दी हैं और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों के लिए रिश्वत का चलन हुआ करता था, लेकिन अब यह पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसके साथ ही, उन्होंने शिक्षा को गरीबी दूर करने का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए लोगों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की।

स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार पर भी खुल कर बोले सीएम
सीएम मान आगे बोले कि राज्य में प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है, जिससे अब प्रदेश का आम आदमी भी बेहतर इलाज करवा सकता है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए रजिस्ट्रियां पंजाबी भाषा में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, नशे के कारोबार पर सख्ती करते हुए अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है।
जनता को जोड़ने की अपील की
अपने भाषण को विराम देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी सरकार जनता को जोड़ने और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष लोगों को आपस में बांटने की राजनीति कर रहा है।
