Punjab news: पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुवार को एक और अहम कदम उठाया है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मिशन रोजगार के तहत विभिन्न विभागों में चयनित 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को पारदर्शी और मेरिट के आधार पर नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले चार वर्षों में हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में शामिल किया गया है।

पारदर्शी भर्ती के जरिए युवाओं को अवसर
मोहाली शहर के विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 818 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर कुल 65,264 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं।
मुख्यमंत्री मान ने आगे जानकारी दी कि जिन 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, उनमें बिजली विभाग में 459, स्थानीय निकाय विभाग में 215, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 129 और मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में 15 प्रोफेसर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।
बिजली विभाग में 1750 पदों पर भर्ती जारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मान ने बताया कि बिजली विभाग में 1,750 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अभी जारी है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के पारदर्शी ढंग से नौकरी देना है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने लंबे समय तक युवाओं को सरकारी नौकरियों से दूर रखा, जिसके कारण उन्हें रोजगार की तलाश में विदेश जाना पड़ा।
युवाओं को नशे से दूर रखने का किया जा रहा प्रयास
सीएम मान ने कहा कि अब पंजाब के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं के हाथों में नशे की सुई नहीं, बल्कि रोजगार का लंच बॉक्स हो, जिससे उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता मिल सके। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। साथ ही कहा कि राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
