पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर की आत्महत्या का मामला अब सियासी मुद्दा बन गया है। अमृतसर में तैनात अधिकारी द्वारा सुसाइड से पहले जारी वीडियो में मंत्री का नाम सामने आने के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले जारी 12 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने कहा कि वे यह कदम मंत्री के दबाव और डर के कारण उठा रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
CM भगवंत मान ने लिया इस्तीफा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह जरूरी कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने पूरे मामले की जांच मुख्य सचिव को सौंप दी है। सरकार का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने आरोपों से किया इनकार
इस्तीफा देने के बाद लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल जांच को प्रभावित न होने देने के लिए पद छोड़ा है।मृतक के परिजनों ने मंत्री के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि FIR दर्ज होने तक वे शव नहीं लेंगे। वहीं विपक्षी नेताओं ने भी टेंडर प्रक्रिया में दबाव और हस्तक्षेप के आरोप लगाए हैं।
मामला संवेदनशील, जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तर पर बेहद संवेदनशील बना हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
