Punjab crime: पंजाब में शनिवार कोसुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश की अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, तथा उनके कब्जे से अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है, जिसमें AK-47 राइफल, ग्लॉक पिस्तौल और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह सीमा पार से संचालित हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
ग्रामीण पुलिस को प्राप्त हुई बड़ी सफलता
पंजाब पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, शनिवार को अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंसी ISI से वित्तीय सहायता प्राप्त कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने तीन एडवांस्ड ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल भी जब्त की हैं।
डीजीपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए एक संभावित आतंकी साजिश को समय रहते विफल किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अमृतसर ग्रामीण के घरिंडा थाना में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
सीमा पार नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
जांच में शामिल अधिकारियों को संदेह है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और वे सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। जांच एजेंसियां अब इस मॉड्यूल के आगे और पीछे के कनेक्शन तलाशने में जुटी हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
मोबाइल और सोशल मीडिया की जांच में जुटीं टीम
सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच कर रही हैं। इससे उनके संपर्कों और संभावित सहयोगियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा कि राज्य में आतंकवाद, संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
