Punjab budget: रविवार को पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सदन में सत्र को संबोधित करने के दौरान वे बोले कि उनकी सरकार ने पिछले चार वर्षों का हर पल पंजाब के लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया है, जबकि पिछली सरकारों के घोषणापत्र धर्म और जाति जैसे मुद्दों पर आधारित होते थे।
मुख्यमंत्री मान बोले कि आम आदमी पार्टी की राजनीति का केंद्र शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय राजनीति में इन मुद्दों को प्राथमिकता देकर नई दिशा दी है।

कांग्रेस के बहिष्कार पर कसा तंज
सीएम मान ने विधानसभा में कांग्रेस के बहिष्कार पर भी टिप्पणी करते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सदन में केवल 17-18 मिनट बोले और फिर बाहर चले गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर यही स्थिति रही तो 2027 के बाद भी विपक्ष के बेंच इसी तरह खाली नजर आएंगे।”
महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सहायता पर दिया गया जोर
मुख्यमंत्री मान ने अपने भाषण में महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सहायता की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में कई ऐसे परिवार हैं जिनकी दैनिक आय 50 से 100 रुपये के बीच है। ऐसे परिवारों के लिए छोटी-सी आर्थिक सहायता भी बड़ी राहत साबित होती है। आगे वे बोले कि कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि चार साल में महिलाओं को 48 हजार रुपये क्यों नहीं मिले, लेकिन वे यह नहीं बताते कि अपने शासनकाल में उन्होंने रोजगार और अन्य बड़े वादों को कितना पूरा किया।

मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य योजनाओं का हुआ जिक्र
सीएम मान ने जानकारी दी कि पंजाब में 90 प्रतिशत घरों को 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है और किसानों को भी मुफ्त बिजली की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड का कर्ज कम करने के साथ ही बिजली दरों में 70 पैसे से डेढ़ रुपये तक की कमी की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के 900 से अधिक अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उनका दावा था कि इतनी व्यापक स्वास्थ्य सुविधा कई विकसित देशों में भी देखने को नहीं मिलती।
रसोई योजना और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री मान के अनुसार, जरूरतमंद परिवारों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए बजट में ‘रसोई योजना’ के तहत 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत नमक, चीनी, दाल और तेल जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 20 मार्च को लुधियाना में करीब 3200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी साइकिल वैली का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे लगभग 2000 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है।
13 से 15 मार्च तक निवेश सम्मेलन होगा आयोजित
सीएम मान ने बताया कि पंजाब में 13 से 15 मार्च तक एक बड़ा निवेश सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के कई बड़े उद्योगपति शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 5 करोड़ से अधिक ओपीडी हो चुकी हैं, जिससे लाखों लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम और स्पष्ट दिखाई देंगे।
