अटल बिहारी वाजपेई की 100वीं जयंती पर शिलान्यास और उद्घाटन

PM Modi In Madhya Pradesh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की 100वीं जयंती के मौके पर तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन और 437 करोड़ रुपये की लागत से 1153 अटल ग्राम सेवा सदन का भूमिपूजन शामिल है।

पीएम ने जारी किया डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का
PM Modi In Madhya Pradesh: खजुराहो में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। इसके बाद उन्होंने एक विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का भी जारी किया।

बुंदेलखंड के लोगों को पीएम का “राम-राम”
PM Modi In Madhya Pradesh: प्रधानमंत्री ने अपनी शुरुआत बुंदेलखंड के लोगों को “राम-राम” कहकर की और क्रिसमस के मौके पर देश और दुनिया के ईसाई समुदाय को बधाई दी। मोदी ने कहा आज का दिन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है क्योंकि आज हम भारत रत्न अटल जी की जयंती मना रहे हैं। अटल जी का योगदान हमेशा हमारे स्मृति पटल पर रहेगा।
पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना

PM Modi In Madhya Pradesh: उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस घोषणाएं करने में माहिर रही है लेकिन काम नहीं हुआ। अटल जी के प्रयासों को कांग्रेस ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था। मोदी ने यह भी कहा कि केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से मध्य प्रदेश के 10 जिलों को फायदा होगा और किसानों को राहत मिलेगी।
बुंदेलखंड को पीएम ने दी करोड़ों की सौगात

PM Modi In Madhya Pradesh: प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में भारत के शीर्ष 10 राज्यों में से एक है और राज्य को इससे लाभ होगा। उन्होंने बुंदेलखंड के लिए 45,000 करोड़ रुपये की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जल सुरक्षा 21वीं सदी की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है।
