Iran Israel War: नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब दिल्ली की सियासी और सुरक्षा हलचलों में साफ दिख रहा है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग के दूसरे दिन रविवार रात प्रधानमंत्री आवास पर अचानक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। करीब 9.30 बजे 7, लोक कल्याण मार्ग पर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति यानी CCS की बैठक हुई। एजेंडा साफ था — वेस्ट एशिया में फंसे भारतीय, और भारत की सुरक्षा।
Iran Israel War: 7 लोक कल्याण मार्ग पर सुरक्षा मंथन
बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री Narendra Modi ने की। इसमें रक्षा मंत्री Rajnath Singh, गृह मंत्री Amit Shah, वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman और सीडीएस Anil Chauhan समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तीन अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई
- ईरान और इजराइल में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा
- एयरस्पेस बंद होने की स्थिति में निकासी योजना
- देश के भीतर संभावित सुरक्षा अलर्ट
फिलहाल वेस्ट एशिया का बड़ा हिस्सा हवाई यातायात के लिए लगभग बंद है, जिससे निकासी ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
Iran Israel War: UAE राष्ट्रपति से बात, “हम आपके साथ हैं”
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने Mohamed bin Zayed Al Nahyan से बात की। United Arab Emirates पर हुए हमलों की भारत ने निंदा की है। पीएम ने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत UAE के साथ खड़ा है। वहां रह रहे भारतीयों की देखभाल के लिए उन्होंने UAE प्रशासन का धन्यवाद भी किया। उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत तनाव कम करने, शांति और स्थिरता का समर्थन करता है।
नेतन्याहू से फोन पर बातचीत
प्रधानमंत्री ने Benjamin Netanyahu से भी फोन पर बात की। हालिया घटनाक्रम पर भारत की चिंता जाहिर की गई। पीएम मोदी ने साफ कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दुश्मनी को जल्द खत्म करने और संघर्ष विराम की दिशा में कदम बढ़ाने पर जोर दिया। दिल्ली के कूटनीतिक हलकों में इसे संतुलित संदेश माना जा रहा है एक तरफ रणनीतिक साझेदारी, दूसरी तरफ शांति की अपील।
ईरान में 10 हजार भारतीय, इजराइल में 40 हजार
संघर्ष की पृष्ठभूमि में यह भी अहम है कि Iran में करीब 10 हजार भारतीय नागरिक रहते हैं। वहीं Israel में 40 हजार से ज्यादा भारतीय समुदाय है। पूरे गल्फ और वेस्ट एशिया में लगभग 90 लाख भारतीय कामकाज और कारोबार से जुड़े हैं। ऐसे में हालात बिगड़ने की सूरत में असर बहुत बड़ा हो सकता है।
इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की इजराइली हमलों में मौत की खबर के बाद कई देशों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। भारत में भी श्रीनगर, लखनऊ, पटना, संभल समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरे। हैदराबाद के पुराने शहर में भी विरोध की तस्वीरें सामने आईं, जहां इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की गई।
