चालक दल सहित 72 लोग सवार थे, रनवे पर उतरते ही आग लग गई
कजाकिस्तान के अकटाऊ में बुधवार सुबह एक यात्री विमान क्रैश हो गया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कजाख मीडिया के हवाले से बताया कि विमान में 67 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। जिसमें से 25 लोगों को बचा लिया गया है। इनमें से 22 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में कम से कम 42 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। विमान अजरबैजान से रूस के चेचन्या प्रांत की राजधानी ग्रोजनी जा रहा था, लेकिन कजाकिस्तान के शहर अकताऊ से लगभग 3 किमी दूर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
एजेंसियों के मुताबिक, घने कोहरे के कारण विमान का मार्ग बदला गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रैश होने से पहले विमान ने एयरपोर्ट के कई चक्कर लगाए। पायलट ने एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत भी मांगी थी।
हालांकि, बाद में उन्हें हवाई अड्डे के पास समुद्र तट पर आपातकालीन लैंडिंग करने के लिए मजबूर होना पड़ा। दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान अजरबैजान एयरलाइंस का एम्ब्रेयर 190 मॉडल था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिख रहा है कि प्लेन क्रैश हो रहा है और उसमें आग लगी हुई है। बीबीसी के मुताबिक, प्लेन में लगी आग को बुझा दिया गया है।
कजाकिस्तान के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि वह दुर्घटना की विशेष जांच करेगा। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पक्षियों के झुंड से टक्कर के कारण हादसा हुआ, कजाकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय के मुताबिक कुल 52 रेस्क्यू टीम और 11 रेस्क्यू इक्विपमेंट को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है।
जानिए दुर्घटनाग्रस्त प्लेन एम्ब्रेयर 190 के बारे में… एम्ब्रेयर 190 दो जेट का विमान है। इसका उपयोग क्षेत्रीय हवाई संपर्क के लिए किया जाता है। इस नैरो बॉडी एयरक्राफ्ट को 2004 में लॉन्च किया गया था। इसकी वाणिज्यिक उड़ानें अगले वर्ष यानी 2005 में शुरू हुईं।
अलग से बैठने की व्यवस्था के अनुसार, यह यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 90 से 98 लोगों को ले जा सकता है। एम्ब्रेयर 190 जेट दो टर्बोफन इंजन से लैस है, जिसकी वजह से यह 4000 किमी तक की दूरी तय कर सकती है।
