Aus vs Ind Womens Test 2026: महिला डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन 6 मार्च को खेले गए मैच में भारतीय टीम 198 रन पर सिमट गई। टीम से जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक लगाया। यह मैच पर्थ के WACA ग्राउंड में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों एनाबेल सदरलैंड और डेब्यूटेंट लूसी हैमिल्टन की स्विंग गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। वहीं जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 3विकेट के नुकसान पर स्कोर को 96 तक पहुंचाया।
बता दें कि, आगे का मैच आज खेला जाएगा।
पहले दिन भारत की शुरुआत खराब
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही। महज 18 रन के स्कोर पर स्मृति मंधाना को लुसी हैमिल्टन ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल ने दूसरे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी की। लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं टिकी।

एनाबेल सदरलैंड ने शेफाली (33 रन) और प्रतिका (18 रन) को लगातार कैच आउट कर भारत को 61/3 पर ला दिया।
जेमिमा की शानदार फिफ्टी
नंबर-4 पर उतरीं जेमिमा रोड्रिग्स ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। टीम ने 107 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए। कप्तान हरमप्रीत कौर (19 रन) और दीप्ति शर्मा (7 रन) जल्दी पवेलियन लौट गईं। वहीं जेमिमा और ऋचा घोष ने 43 रनों की साझेदारी की। जेमिमा ने 84 गेंदों पर 52 रन बनाए और अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, उन्हें लूसी हैमिल्टन ने एश्ले गार्डनर के हाथों कैच आउट करवा दिया। फिर काश्वी गौतम 34 रन बनाए और टीम के स्कोर 198 तक पहुंचाया

ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनाबेल सदरलैंड ने 4 विकेट, डेब्यू मैच खेल रहीं लूसी हैमिल्टन ने 3 विकेट चटकाएं। वहीं डार्सी ब्राउन को 2 और एश्ले गार्डनर को 1 विकेट मिला।
ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत भी कुछ खास नहीं
ऑस्ट्रेलियाई की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। सयाली सतघरे ने शानदार स्विंग गेंद पर ओपनर जॉर्जिया वॉल को 2 रनों पर बोल्ड किया। क्रांति गौड़ ने फीबी लिचफील्ड (9 रन) को और सयाली ने कप्तान एलिसा हीली (13 रन) को आउट कर मेजबान टीम को दबाव में डाल दिया। हालांकि, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने चौथे विकेट के लिए नाबाद साझेदारी कर पारी को संभाला।

वहीं भारत की ओर से सयाली सतघरे ने 2 विकेट और क्रांति गौड़ ने 1 विकेट झटके।यह मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की कोशिश बढ़त हासिल करने की होगी।
