PBKS vs MI Match Update: IPL 2025 के सीजन में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 11 मई को होने वाला मुकाबला अब धर्मशाला में नहीं, बल्कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह बदलाव लॉजिस्टिक और सुरक्षा कारणों से लिया गया है, जिसकी पुष्टि गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) ने की है।
Read More: DC vs PBKS Match Today: सीजन का 58वॉ मैच दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब के बीच…
मैच में बदलाव की वजह…
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के कई ठिकानों को निशाना बनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पकिस्तान के 9 ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे। इसके बाद से भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने उत्तर और पश्चिम भारत के कई हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिनमें हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला का एयरपोर्ट भी शामिल है।
इस परिस्थिति में टीमों के आवागमन को लेकर असुविधा को देखते हुए BCCI ने धर्मशाला से मैच को अहमदाबाद शिफ्ट करने का निर्णय लिया।
GCA ने की मेजबानी की पुष्टि…
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल पटेल ने एक इंटरव्यू में बातचीत करते हुए बताया, “BCCI ने हमसे मैच आयोजन के लिए संपर्क किया था, जिसे हमने स्वीकार कर लिया है। अब हम सिर्फ बीसीसीआई की औपचारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।”
हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अहमदाबाद को मिली नई मेजबानी, सुरक्षा पर भी नजर..?
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहले से ही 14 और 18 मई को दो IPL मैचों की मेज़बानी कर रहा है, जिनमें गुजरात टाइटंस पहले में लखनऊ सुपर जायंट्स और दूसरे में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी। अब 11 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस का मैच भी यहीं होगा।

स्टेडियम को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी…
हालांकि, हाल ही में इस स्टेडियम को लेकर भी सुरक्षा चिंता सामने आई थी। बुधवार को GCA को एक धमकी भरा ईमेल मिला था जिसमें स्टेडियम को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बम निरोधक दस्ते के साथ स्टेडियम की गहन जांच की थी। फिलहाल स्टेडियम को सुरक्षित घोषित किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है।
पंजाब और दिल्ली के बीच मुकाबला आज..
धर्मशाला में आज होगा पंजाब बनाम दिल्ली का मुकाबला
धर्मशाला को इस सीजन में पंजाब किंग्स के दो घरेलू मुकाबले दिए गए थे। पहला मैच आज, यानी 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला जाएगा, जो पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। यह मैच दर्शकों की उपस्थिति के साथ खेला जाएगा और इसके बाद टीमों को आगे की रणनीति अनुसार अहमदाबाद रवाना किया जाएगा।
