Palghar gas leak: महाराष्ट्र के पालघर के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक रासायनिक यूनिट से ओलियम (फ्यूमिंग सल्फ्यूरिक एसिड) गैस का रिसाव हुआ। गैस लीक के कारण स्थानीय नागरिकों और मजदूरों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। साथ ही, लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी की शिकायत आई। अचानक हुए इस रिसाव से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

ओलियम गैस लीक
पालघर के तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित ‘भगेरिया केमिकल्स कंपनी’ से करीब 2:00 से 2:15 बजे के बीच ओलियम गैस (Oleum gas) का रिसाव शुरू हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, NDRF और आपातकालीन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीमें गैस रिसाव रोकने की कोशिश में लगी हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके से करीब 2600 लोगों को शिफ्ट किया है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।

Palghar gas leak: सभी विभाग अलर्ट पर
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। आपातकालीन कक्ष, राजस्व विभाग, MIDC, अग्निशमन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग सहित सभी विभागों अलर्ट मोड पर है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उप क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजू वसावे मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से कंपनी की ओर जाने वाले रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
डेढ़-2 km तक सफेद धूंध
तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट से डेढ़ से 2 किलोमीटर के दायरे में इस गैस का असर महसूस देखा जा रहा है। हवा के साथ यह गैस हर तरफ फैल रही है। इसके चलते कैमलिन नाका और टाकी नाका के बीच का औद्योगिक क्षेत्र और रिहायशी इलाका इस गैस से प्रभावित हुआ। MIDC दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 1 टन ओलियम गैस का स्टॉक प्रभावित होने की आशंका है। पूरे इलाके में सफेद धुंध की एक मोटी चादर फैल गई है। एहतियात के तौर पर तारापुर विद्यामंदिर स्कूल के छात्रों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया, और अन्य संस्थानों के श्रमिकों को भी सुरक्षित जगह पर जाने के निर्देश दिए गए।
