Pakistan Lockdown 2026: पाकिस्तान में लॉकडाउन लग गया है। शहबाज शरीफ सरकार ने 7 अप्रैल से देश के ज्यादातर हिस्सों में बाजार और शॉपिंग मॉल को रात 8 बजे बंद करने का आदेश दे दिया। यानी अब ‘नाइट लाइफ’ का मतलब – 8 बजे तक घर पहुंच जाओ! बेकरी, रेस्टोरेंट, तंदूर, खाने की दुकानें और मैरिज हॉल रात 10 बजे तक बंद कर दिए जाएंगे। घरों में शादी के कार्यक्रम भी इस समय सीमा के बाद नहीं किए जाएंगे।

पेट्रोल की कीमत
यह फैसला तेल और गैस बचाने के नाम पर लिया गया, क्योंकि वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। पाकिस्तान में पेट्रोल के दाम आसमान छूने लगे। हालात ये हो गए कि कीमत 458 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई। बाद में शहबाज सरकार ने थोड़ी ‘मेहरबानी’ दिखाते हुए इसे 378 रुपये कर दिया।
भड़की पाक की जनता
पाकिस्तान की सरकार के सितारे शायद ही कभी सीधे चले हों और जनता हर बार उस गर्दिश में पिसती नजर आती है। इस समय भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। एक तरफ अफगानिस्तान को लेकर तनाव बना हुआ है, तो दूसरी ओर शहबाज सरकार की नीतियों से लोग नाराज हैं। ऊपर से मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट ने ऐसा असर डाला है कि तेल के कीमतों में आग लग गई। यह आग अब सड़कों से लेकर Social Media तक साफ दिखाई दे रही है। अब जनता का सब्र जवाब देने लगा है। लोग खुलकर गुस्सा निकाल रहे हैं।
Pakistan Lockdown 2026: इन्हें मिलेगी छूट
पाकिस्तान में मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इन पाबंदियों से छूट दी गई है। एक राहत के कदम के तौर पर, प्रधानमंत्री शहबाज ने गिलगित और मुजफ्फराबाद में एक महीने के लिए फ्री इंटरसिटी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की भी घोषणा की। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकारों ने भी इसी तरह की ऊर्जा बचाने की कोशिशों के तहत बाजारों, रेस्टोरेंट और शादी के हॉल को जल्दी बंद करने का आदेश दिए गए।
