अफगानिस्तान-पाक सीमा पर भारी गोलीबारी
Pakistan Afghanistan War : तालिबान के नियंत्रण वाले अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच कल रात भारी गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी वेबसाइट जियो न्यूज के मुताबिक इसमें कम से कम 8 तालिबान मारे गए हैं। इस दौरान 16 घायल हो गए हैं।

खोस्त प्रांत में सीमा पर रात नौ बजे दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जो चार घंटे तक चली। मारे गए लोगों में अफगान तालिबान के दो वरिष्ठ कमांडर खलील और जान मुहम्मद शामिल हैं। मुठभेड़ में कितने पाकिस्तानी सैनिक मारे गए इसकी कोई जानकारी नहीं है। अफगानिस्तान के अमू टीवी के मुताबिक पाकिस्तानी हमले में पांच नागरिकों की मौत हो गई है।
तालिबान सरकार के तहत सीमा विवाद बढ़ा
इससे पहले 4 सितंबर की रात पाकिस्तान और तालिबान के बीच फायरिंग हुई थी। दरअसल, तालिबान सरकार पाकिस्तान से लगे सीमावर्ती इलाकों में नई चौकियां बना रही है। यही वजह है कि आए दिन दोनों पार्टियों के बीच झड़प होती रहती है।
डूरंड रेखा पाकिस्तान और अफगानिस्तान को अलग करती है, लेकिन अफगानिस्तान इसे मान्यता नहीं देता है। अफगानिस्तान का मानना है कि पश्तो समुदाय को विभाजित करने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा जानबूझकर रेखा खींची गई थी।
यही वजह है कि दोनों देशों के बीच इसे लेकर विवाद बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, पाकिस्तान को उम्मीद थी कि तालिबान शासन डूरंड रेखा को मान्यता देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
सत्ता में वापस आने के बाद तालिबान ने पुरानी सरकार के रवैये को बरकरार रखते हुए सीमावर्ती इलाकों पर दावा कर लिया। इसके अलावा तालिबान सरकार ने इन इलाकों में नई चौकियां बनानी शुरू कर दीं।

Pakistan Afghanistan War 8 death with taliban commander
