Padma Awards: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। जिसमें 7 लोगों को पद्म विभूषण, 19 लोगों को पद्म भूषण और 113 लोगों को पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया है।
आपको बता दें कि खेल के क्षेत्र में पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण और चार अन्य खिलाड़ियों को पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया।

Padma Awards: पद्म भूषण से सम्मानित श्रीजेश
भारत के पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। श्रीजेश ने भारत के लिए 336 मैच खेले हैं और पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। श्रीजेश का यह चौथा ओलंपिक था, और इससे पहले उन्होंने 2021 में हुए टोक्यो ओलंपिक में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था, जो कि भारत के लिए 41 वर्षों के बाद हॉकी में पहला ओलंपिक पदक था।
Padma Awards: पद्मश्री से सम्मानित हुए खिलाड़ी
रविचंद्रन अश्विन
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। अश्विन ने 18 दिसंबर 2024 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था और अपने करियर में 765 विकेट लेकर भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उनसे पहले सिर्फ अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने 953 विकेट लिए हैं। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 287 मैच खेले।

इनिवलाप्पिल मणि विजयन
भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान इनिवलाप्पिल मणि विजयन को पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। विजयन को 2003 में अर्जुन पुरस्कार भी सम्मानित किया गया था, और उन्होंने भारतीय फुटबॉल के लिए शानदार योगदान दिया।
हरविंदर सिंह
पैरालंपियन तीरंदाज हरविंदर सिंह को पद्मश्री के लिए चुना गया। पेरिस पैरालंपिक में उन्होंने पुरुष रिकर्व फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर तीरंदाजी में भारत का पहला पैरालंपिक स्वर्ण पदक दिलाया। यह उनका दूसरा पैरालंपिक पदक है।
सत्यपाल सिंह
पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। वह इस साल खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार के कोच हैं।
Padma Bhushan: पद्म पुरस्कारों की श्रेणियां
पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा नागरिकों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं
पद्म श्री
यह पुरस्कार कला, समाज सेवा, खेल, चिकित्सा, साहित्य, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए दिया जाता है।
पद्म भूषण
यह पुरस्कार राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है।
पद्म विभूषण
यह देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक है, जो अत्यधिक और असाधारण सेवा के लिए दिया जाता है।
