मृतकों में एक 2 साल की बच्ची और उसकी मां शामिल, बस में 50 लोग सवार थे
पंजाब के भटिंडा जिले के तलवंडी साबो में शुक्रवार को एक निजी कंपनी की बस नाले में गिर जाने से चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 24 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में एक 2 साल की बच्ची और उसकी मां शामिल है। हरियाणा के रहने वाले एक दिव्यांग की भी मौत हो गई है। मृतक चालक की पहचान मानसा निवासी बलकार सिंह के रूप में हुई है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा जीवन सिंह वाला गांव के पास हुआ। बस सार्दूलगढ़ से भटिंडा जा रही थी। बस में करीब 50 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

बठिंडा के उपायुक्त शौकत अहमद पारे ने कहा कि बस में सवार यात्रियों ने कहा कि चालक तेज गति से बस चला रहा था। इसी बीच सामने से एक बड़ी ट्रॉली आई। इससे बचने के लिए बस ने मोड़ लिया, जिससे हादसा हो गया।
