लक्ष्य नहीं लक्षण बदलें – नींव बिना उड़ान अधूरी है
थोड़ा समय लें और अपने लक्ष्यों का पोषण करें, अगर आप जड़ों का पोषण करते हैं, तो फलों के बारे में चिंता करने की ज़रूरत नहीं
वे स्वाभाविक रूप से आ जाएँगे।
ज़्यादातर लोग जीवन में क्यों फंसे रहते हैं ? क्योंकि वे उस आधारभूत काम को टाल देते हैं जो दिखाई नहीं देता और वो है अपनी अंतरात्मा पर काम करना।
यह आकर्षक नहीं लगता, जल्दी नतीजा नहीं देता, लेकिन बिना इसके किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो सकती। अपनी ज़िंदगी की नींव बनाएँ पहले। आप नींव में नहीं रह सकते, लेकिन बिना नींव के कोई भी घर ज़्यादा दिन टिक नहीं सकता। तो समय लें।
जितना भी समय चाहिए, लें। इस लक्ष्यप्राप्ति में जल्दबाजी न करें, और याद रखिए किसी भी आधारभूत काम शुरू करने का कोई उपयुक्त समय नहीं होता है लक्ष्यप्राप्ति की नींव रखने में कभी भी बहुत देर नहीं होती है ।
लक्ष्य साधना क्या है ?
यही साधना है – ज़्यादातर लोग क्यों संघर्ष करते हैं ? सोचिए : कितने लोग रोज़ नए जिम ज्वाइन करते हैं, कितने लोग “नई नौकरी, नया शहर, नया ध्येय” घोषित करते हैं, लेकिन फिर कुछ ही महीनों बाद वही पुरानी थकान, वही भ्रम और वही असंतोष लौट आता है।
कारण यह है कि वे बाहरी बदलाव तो तेज़ी से करते हैं, लेकिन अंदर की दुनिया वही रहती है उलझे विचार, अनुशासनहीन दिनचर्या, और गहरे डर। उदाहरण के तौर पर –
एक युवा लेखक हो सकता है जो रोज़ 1–2 घंटे लिखने का वादा करता है, लेकिन रात–रात भर फोन पर स्क्रॉल करता है। उसकी नींव उसकी दिनचर्या, उसका ध्यान, उसकी दृढ़ता कमज़ोर है, चाहे उसका लक्ष्य बहुत ऊँचा क्यों न हो।
इसी तरह, एक उद्यमी नई स्टार्टअप घोषणा करता है, लेकिन अपना अंदरूनी संतुलन, वित्तीय जागरूकता या टीम बिल्डिंग कमज़ोर रखता है। परिणाम: जल्दी थकान, निराशा और शुरुआती असफलताएँ। इसलिए ज़्यादातर लोग संघर्ष करते हैं क्योंकि वे नींव बिना
ही सीढ़ियाँ चढ़ने की कोशिश करते हैं।
जीवन की नींव : ज़िंदगी का अदृश्य स्तर
अपनी ज़िंदगी को एक घर की तरह देखिए। पहले नींव बनती है, फिर उस पर दीवारें बनती हैं, फिर छत, फिर रंग‑रोगन। नींव दिखाई नहीं देती, लेकिन जब बारिश, आंधी या आग आती है, तो लोग सबसे पहले नींव की जाँच करते हैं , क्या वह मजबूत है ?
इसी तरह, आपकी अंतरात्मा आपकी सबसे गहरी नींव है। यही निर्धारित करती है कि आप असफलता में टूटेंगे या झुकेंगे, आप दबाव में टूटेंगे या फिर उसे सीख बनाएँगे। उदाहरण के तौर पर –
एक छात्र जो रोज़ 3 घंटा शांत बैठकर पढ़ता है, उसकी नींव मजबूत होती है, चाहे उसका रिज़ल्ट अगले महीने दिखे या अगले साल।
एक माता‑पिता जो बच्चे के साथ गुस्से की जगह संवाद बनाता है, वही नींव सालों बाद भरोसेमंद रिश्तों का आधार बन जाती है।
आप नींव को जल्दी पूरा नहीं कर सकते। इसको बनाने के लिए समय, धैर्य और लगातार ध्यान देने वाली आदतों की ज़रूरत होती है।
तो थोड़ा समय लें।
साधना का वास्तविक अर्थ
ज़िंदगी रेस नहीं, साधना है। साधना: रोज़ का नियमित पोषण ही साधना का अर्थ है, छोटे‑छोटे नियमित कदम जो आपके भीतर की दुनिया को मजबूत करते हैं। यह कोई एक दिन का आसान काम नहीं, बल्कि रोज़ की आदतें हैं जैसे : 10–15 मिनट ध्यान या शांत बैठना, रोज़ की ज़रूरी बातों को जर्नल में लिखना, सोशल मीडिया के बजाय वास्तविक लोगों से बात करना, जो खाते हैं, उससे अपने शरीर का सम्मान करना।
अब एक दैनिक उदाहरण लीजिए – एक युवा जो फिटनेस ट्रैकर देखकर “आज ही मैं 10,000 कदम ज़रूर पूरे करूँगा” कहता है, लेकिन रोज़ की आदतों जैसे सोने का समय, उठने का समय, मनोरंजन का समय, सामाजिक दायित्व और परिवार और मित्रों के लिए समय यानी अपने दिनभर की दिनचर्या का कोई प्लान नहीं बनाता, तो उसका लक्ष्य बस एक डेटा बनकर रह जाता है।
पर जो व्यक्ति रोज़ 10 मिनट टहलना, रात को जल्दी सोना, और हफ्ते में कुछ दिन व्यायाम को नियम बनाता है, उसकी नींव मजबूत होती है। लक्ष्य धीरे‑धीरे उसकी ज़िंदगी का हिस्सा बन जाता है, न कि कोई ज़बरदस्ती । इसी तरह, लक्ष्य बनाने की बजाय, यह सोचिए :
“मैं अपनी ज़िंदगी का आज‑ब‑आज कैसे पोषण कर सकता हूँ?”
जब आप अपने मन, शरीर और आत्मा को नियमित रूप से पोषित करते हैं, तो लक्ष्य स्वाभाविक रूप से आपकी ज़िंदगी की फसल बन जाते हैं।
आम के पेड़ का सबक
सोचिए, आपने एक छोटा‑सा आम का पौधा लगाया है। अगर आप रोज़ उसके पास खड़े होकर कहें : “इस साल तुम्हें हज़ार फल लाने होंगे, नहीं तो मैं तुम्हें जड़ से उखाड़ दूँगा,” तो आप पेड़ को तनाव देंगे, उसकी जड़ों को कमज़ोर करेंगे, और एक दिन वह सूख भी सकता है।
लेकिन अगर आप उसे सही जगह, सही मात्रा में पानी, सूरज की रोशनीऔर कुछ खाद देते रहेंगे, तो पहले वर्ष शायद एक‑दो फल भी न लगें, पर कुछ सालों बाद वही पेड़ आपके लिए एक छायादार स्थान, फलों का भंडार और गर्मियों में ठंडी छाया बन जाएगा।
सफलता का मापदंड
इसी तरह, ज़िंदगी ज़बरदस्ती नहीं, पोषण से बढ़ती है। जब आप अपने भीतर की दुनिया को शांति, अनुशासन, स्वस्थ विचारों और सही संगत से पोषित करते हैं, तो फल ज़रूर आते हैं कभी ज़्यादा, कभी अप्रत्याशित तरीके से।
वृद्धि नापें, ज़बरदस्ती से नहीं अपितु असली सफलता यह नहीं कि आपने एक साल में कितने “फल” चुने, बल्कि जीवन में सफलता का मापदंड इस पर निर्भर होना चाहिए की आपके फलों की गुणवत्ता क्या है .
