प्रशांत महासागर से उठा चक्रवाती तूफान ‘चांपी’ ताइवान के लिए बड़ा खतरा बन गया है। 23 और 24 अक्टूबर को इसके ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट से गुजरने की आशंका जताई गई है। जॉइंट टाइफून वॉर्निंग सेंटर के अनुसार, तूफान की हवाओं की रफ्तार करीब 213 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। इससे पहले इसे सुपर टाइफून की श्रेणी में रखा गया था, जब हवाओं की गति करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई थी। गति में कमी के बावजूद ताइवान में हाई अलर्ट जारी है।
900 मिलीमीटर बारिश और ऊंची लहरों की चेतावनी
मौसम विभाग ने ताइवान के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में 900 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है, जबकि समुद्र में छह मीटर से ऊंची लहरें उठने का खतरा है। तेज हवाओं से पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को बिना जरूरी काम के घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
23 हजार सैनिक राहत-बचाव के लिए तैयार
तूफान के खतरे को देखते हुए ताइवान प्रशासन ने 23 हजार से अधिक सैनिकों को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। तटीय और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने नागरिकों से सतर्क रहने और तेज हवाओं व मूसलाधार बारिश से निपटने के लिए तैयार रहने की अपील की है। हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है और कई उड़ानें रद्द की गई हैं।
चीन और जापान में भी अलर्ट
चांपी का असर चीन और जापान तक पहुंचने की आशंका है। चीन के शंघाई सहित जियांगसू, झेजियांग और फुजियान प्रांतों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा देखते हुए आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जापान की प्रमुख एयरलाइंस ने भी 110 से अधिक उड़ानें रद्द की हैं। मौसम विभाग समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों और संभावित नुकसान पर नजर बनाए हुए हैं।