दक्षिण रेलवे के नए निर्देश

ट्रेन में मोबाइल स्पीकर पर गाना या रील चलाना पड़ेगा भारी, 5 हजार रुपये जुर्माना और जेल तक का प्रावधान

दक्षिण रेलवे ने ट्रेन में तेज आवाज में गाने बजाने के खिलाफ नियमों का पालन कराने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं।

By : सोनिया रायकवार
ट्रेन में मोबाइल स्पीकर पर गाना या रील चलाना पड़ेगा भारी, 5 हजार रुपये जुर्माना और जेल तक का प्रावधान

ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल फोन के स्पीकर पर तेज आवाज में गाना बजाना, वीडियो देखना या रील चलाकर दूसरे यात्रियों को परेशान करना भारी पड़ सकता है। दक्षिण रेलवे ने ऐसे व्यवहार पर रोक लगाने के लिए यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और नियमों का पालन कराने के निर्देश जारी किए हैं। रेलवे के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा में बाधा डालने और उपद्रव करने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

चेतावनी के बाद भी नहीं माने तो हो सकती है कार्रवाई

दक्षिण रेलवे के निर्देशों के अनुसार, ट्रेन या रेलवे परिसर में स्पीकर पर तेज आवाज में संगीत या वीडियो चलाने और जोर-जोर से बातचीत करने जैसी गतिविधियों से दूसरे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और परिस्थितियों के अनुसार उन्हें ट्रेन या रेलवे परिसर से हटाया भी जा सकता है। वहीं, संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दोष सिद्ध होने पर छह महीने तक की साधारण कैद, 5,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान बताया गया है।

दक्षिण रेलवे ने जारी किए जागरूकता अभियान के निर्देश

दक्षिण रेलवे ने अपने मंडलों को यात्रियों को नियमों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में हिंदी, अंग्रेजी तथा क्षेत्रीय भाषाओं में घोषणाएं करने की बात कही गई है। टिकट परीक्षकों (TTE) और वाणिज्यिक विभाग के अधिकारियों को भी यात्रियों को नियमों की जानकारी देने के लिए कहा गया है। रेलवे ने जुलाई 2012 में जारी उन निर्देशों का भी उल्लेख किया है, जिनमें ट्रेन के डिब्बों में तेज आवाज में बातचीत करने, लंबी फोन कॉल करने और तेज रिंगटोन से दूसरे यात्रियों को होने वाली परेशानी पर ध्यान देने को कहा गया था।

सफर में इन बातों का रखें ध्यान

ट्रेन में यात्रा करते समय मोबाइल पर गाने या वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन का इस्तेमाल करें। फोन पर बातचीत करते समय आवाज धीमी रखें और दूसरे यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखें। खासकर रात के समय तेज आवाज में बातचीत या वीडियो चलाने से बचें। ध्यान दें कि कार्रवाई मामले की परिस्थितियों और लागू कानूनी प्रावधानों पर निर्भर करेगी। दक्षिण रेलवे के निर्देशों को सभी रेलवे जोनों में एक समान लागू मानने से पहले संबंधित जोन के आधिकारिक निर्देशों की पुष्टि करना जरूरी है।