स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट में आज इस मामले पर सुनवाई होनी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं ने SIR प्रक्रिया को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। याचिकाकर्ताओं ने प्रक्रिया पर रोक लगाने, चुनाव आयोग के फैसलों की जांच कराने और संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट इन याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर सकता है। इस मामले में चुनाव आयोग ने भी अपना पक्ष रखते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है। आयोग ने फॉर्म-6 में बदलाव किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि निर्धारित फॉर्म में संशोधन करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है।
15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया था नोटिस
इस मामले में 15 अक्टूबर को हुई पहली सुनवाई के दौरान तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की पीठ ने चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों को नोटिस जारी किया था। अदालत ने याचिका को SIR से जुड़े लंबित मामलों के साथ जोड़ने का निर्देश भी दिया था। विपक्षी नेताओं का कहना है कि SIR प्रक्रिया और इससे जुड़े चुनाव आयोग के फैसलों की जांच होनी चाहिए। अब सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान आयोग के जवाब और याचिकाकर्ताओं की दलीलों पर चर्चा होने की संभावना है।
चुनाव आयोग ने हलफनामे में क्या कहा?
सुनवाई से एक दिन पहले चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर अपना पक्ष रखा। आयोग के मुताबिक, SIR के फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आयोग ने कहा कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित फॉर्म में संशोधन करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। आयोग ने यह भी कहा कि SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे। उसके मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी तीनों इन फैसलों पर सहमत थे। आयोग की ओर से दाखिल हलफनामे पर भी तीनों के हस्ताक्षर होने की बात कही गई है।
फॉर्म-6 में बदलाव की रिपोर्ट से शुरू हुआ विवाद
SIR को लेकर विवाद उस समय बढ़ा, जब अंग्रेजी अखबार ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि फॉर्म-6 में बदलाव की जानकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य दो चुनाव आयुक्तों को नहीं दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कथित तौर पर इस बदलाव पर आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि नए विवरण के तहत आवेदकों से खुद को या अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी और नाना-नानी को पिछली SIR प्रक्रिया से जोड़ने वाली जानकारी देने को कहा गया था।हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन प्लेटफॉर्म पर जानकारी जिस तरह दिखाई गई, उससे फॉर्म-6 में बदलाव होने का भ्रम पैदा हो सकता था। आयोग ने इस बात पर जोर दिया कि SIR के दौरान मांगा गया घोषणा-पत्र अलग दस्तावेज है, न कि फॉर्म-6 में संशोधन।
फॉर्म में संशोधन का अधिकार केंद्र सरकार के पास: आयोग
चुनाव आयोग ने अपने हलफनामे में कहा कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित फॉर्म में बदलाव करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। आयोग ने यह भी दलील दी कि याचिका मीडिया रिपोर्ट पर आधारित है और केवल इस रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके कार्य से रोकने का आधार नहीं बनता। अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में SIR प्रक्रिया, फॉर्म-6 से जुड़े विवाद और चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर उठाए गए सवालों पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।