रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बुधवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत करीब एक दर्जन क्षेत्रों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हमलों में कम से कम 19 आम लोगों की जान गई, जबकि करीब 60 लोग घायल हुए हैं। जान गंवाने वालों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि एक रूसी मिसाइल एक अपार्टमेंट इमारत से टकराई। इस हमले में मारे गए चार बच्चों में तीन की उम्र सिर्फ एक-एक साल थी, जबकि चौथा बच्चा आठ साल का था।
प्रिलुकी में सबसे ज्यादा नुकसान
रूसी हमलों में सबसे ज्यादा नुकसान प्रिलुकी इलाके में बताया गया है। यहां 13 लोगों की जान गई। रीजनल मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख व्याचेस्लाव चाउस के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद कई इलाकों में इमारतों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
एक दिन पहले रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला
रूस की ओर से यूक्रेन पर किए गए हमले से एक दिन पहले यूक्रेन ने भी मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए थे।
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से करीब 650 विस्फोटक ड्रोन दागे गए। इस दौरान मॉस्को से करीब 40 किलोमीटर दूर मॉस्को ओब्लास्ट में एक बड़े ऑयल डिपो को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई।
बैलिस्टिक मिसाइलों से निपटना बड़ी चुनौती
यूक्रेन के लिए रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना लगातार बड़ी चुनौती बना हुआ है। हमले के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक बार फिर आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने आधुनिक पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलों की मांग दोहराई है। यूक्रेन ऊंचाई पर उड़ने वाले रूस के नए जेट ड्रोन से निपटने के लिए नए इंटरसेप्टर विकसित करने पर भी काम कर रहा है।
रूस ने सैन्य और औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया
रूसी रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों को लेकर कहा कि उसकी सेना ने मिसाइल और ड्रोन के निर्माण और भंडारण से जुड़े औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया।
रूस के मुताबिक, दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में बंदरगाह, जहाज मरम्मत केंद्र और यूक्रेनी सेना के लिए सामान ले जा रहे जहाजों को भी निशाना बनाया गया।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी हमलों के बीच दोनों देश लगातार एक-दूसरे के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। ताजा हमले में आम नागरिकों के मारे जाने के बाद युद्ध के मानवीय नुकसान को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।