INS विक्रांत पर राफेल-M की पहली सफल लैंडिंग

भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम, स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर पहली बार उतरा राफेल मरीन

29 अक्टूबर को फ्रांसीसी पायलट ने INS विक्रांत पर राफेल-M की सफल लैंडिंग कराई। 26 विमानों की डील के बाद भारतीय नौसेना में शामिल करने से पहले परीक्षण जारी हैं।

By : शिवम् पांडेय
भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम, स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर पहली बार उतरा राफेल मरीन

भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। 29 अक्टूबर को फ्रांस के राफेल मरीन (Rafale-M) फाइटर जेट ने स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर पहली ही कोशिश में सफल लैंडिंग की। इस लैंडिंग को भारतीय विमानवाहक पोत पर राफेल-M की ऑपरेशनल क्षमता जांचने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह लैंडिंग एक फ्रांसीसी पायलट ने की। दरअसल, यह पहले फ्लाइट कैंपेन का हिस्सा है, जिसके तहत यह जांचा जा रहा है कि फ्रांस में बने राफेल-M विमान भारतीय एयरक्राफ्ट कैरियर के डेक से उड़ान भरने और उस पर सुरक्षित उतरने में सक्षम हैं या नहीं।

नौसेना में शामिल करने से पहले जारी हैं ट्रायल

भारतीय नौसेना के मुताबिक, INS विक्रांत पर सफल लैंडिंग के बाद राफेल-M के परीक्षण जारी हैं। इन ट्रायल के जरिए विमान की भारतीय विमानवाहक पोत के साथ अनुकूलता और ऑपरेशनल क्षमताओं को परखा जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया विमान को भारतीय नौसेना में शामिल करने की तैयारी का अहम हिस्सा है। योजना के मुताबिक, 2027 की शुरुआत में दूसरा फ्लाइट कैंपेन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भारतीय नौसेना के पायलट फ्रांस में राफेल-M उड़ाने की ट्रेनिंग लेंगे। फिलहाल INS विक्रांत पर मिग-29K लड़ाकू विमानों का संचालन किया जा रहा है। राफेल-M के शामिल होने से नौसेना की समुद्री हवाई ताकत और स्ट्राइक क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

राफेल-M के लिए क्यों अहम है INS विक्रांत पर लैंडिंग?

राफेल-M को फ्रांस के एयरक्राफ्ट कैरियर चार्ल्स डी गॉल के लिए तैयार किया गया है। यह कैरियर CATOBAR तकनीक पर काम करता है, जिसमें विमान को कैटापल्ट की मदद से उड़ान भराई जाती है। वहीं, भारत के INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य में STOBAR तकनीक का इस्तेमाल होता है। इसमें विमान स्की-जंप रैंप से उड़ान भरता है और लैंडिंग के दौरान अरेस्टर वायर की मदद से रुकता है।

दोनों तकनीकों में अंतर होने के कारण राफेल-M के लिए भारतीय कैरियर पर संचालन की क्षमता जांचना जरूरी है। इस ट्रायल में यह परखा जा रहा है कि विमान भारतीय स्की-जंप रैंप से उड़ान भर सकता है या नहीं और अरेस्टर वायर की मदद से सुरक्षित लैंडिंग कर सकता है या नहीं। गोवा में भी हुई थी ट्रायल की तैयारी INS विक्रांत पर लैंडिंग से पहले गोवा के INS हंसा स्थित शोर बेस्ड टेस्ट फैसिलिटी (SBTF) में भी परीक्षण किए गए। यहां एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत की तरह स्की-जंप रैंप तैयार किया गया है। इसके जरिए विमान की उड़ान और लैंडिंग से जुड़ी क्षमताओं को परखा गया।

26 राफेल-M विमानों के लिए हुई है डील

भारत ने 28 अप्रैल 2025 को फ्रांस के साथ 26 राफेल-M लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए करीब 63 हजार करोड़ रुपये का समझौता किया था। इस सौदे में 22 सिंगल-सीटर लड़ाकू विमान और 4 ट्विन-सीटर ट्रेनर विमान शामिल हैं। इन विमानों की डिलीवरी 2028 के आखिर या 2029 की शुरुआत से शुरू होने की योजना है। राफेल-M के नौसेना में शामिल होने के बाद मिग-29K के साथ भारतीय विमानवाहक पोतों की हवाई संचालन क्षमता को नया विकल्प मिलेगा। इससे समुद्र में निगरानी, हवाई सुरक्षा और रणनीतिक अभियानों के लिए नौसेना की क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

संबंधित सामग्री

10 साल की ईरा ने रचा इतिहास, एक साथ बनाए 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड; बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर

10 साल की ईरा ने रचा इतिहास, एक साथ बनाए 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड; बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर

अंडमान के शहीद द्वीप में 10 साल 17 घंटे 35 मिनट की उम्र में ईरा ने एक दिन में 6 रिकॉर्ड बनाए। SSI ने योग्यता प्रमाणित की।

12 Nov 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो ने की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो ने की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो से मुलाकात कर मध्यप्रदेश को भरोसेमंद साझेदार बताया और फ्रांसीसी कंपनियों को निवेश सम्मेलन में आमंत्रित किया।

28 Oct 2026
फ्रांस में महंगाई और बदहाल स्कूलों के खिलाफ प्रदर्शन, करीब 1,000 गिरफ्तार; पेरिस में पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

फ्रांस में महंगाई और बदहाल स्कूलों के खिलाफ प्रदर्शन, करीब 1,000 गिरफ्तार; पेरिस में पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

फ्रांस में महंगाई, स्कूलों की बदहाली और पुलिस सख्ती के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन हुए। पेरिस समेत कई शहरों में झड़पों के बाद पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

25 Oct 2026
महाराष्ट्र में अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में आरक्षण, 282 पूर्व अग्निवीरों को मिलेगी पुलिस कॉन्स्टेबल की नौकरी

महाराष्ट्र में अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में आरक्षण, 282 पूर्व अग्निवीरों को मिलेगी पुलिस कॉन्स्टेबल की नौकरी

महाराष्ट्र सरकार ने 282 नौसेना अग्निवीरों को पुलिस कॉन्स्टेबल नियुक्त करने की मंजूरी दी है। इनमें 150 डेकसाइड और 132 इंजनसाइड सीमैन शामिल हैं।

24 Oct 2026
फ्रांस में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, कई शहरों में आगजनी और लूटपाट

फ्रांस में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, कई शहरों में आगजनी और लूटपाट

फ्रांस में महंगाई, ईंधन कीमतों के खिलाफ और शिक्षा संकट के विरोध में लाखों लोग सड़कों पर उतरे, कई जगह हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं।

18 Oct 2026