महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के धर्मध्वज ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया है। यह समारोह 31 अक्टूबर को आयोजित होना प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को महाराष्ट्र की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को दर्शाने वाला विशेष उपहार भी भेंट किया। राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य प्रतिनिधियों की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आई है। सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के लिहाज से इस निमंत्रण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Honoured to meet Honourable President Smt. Droupadi Murmu Ji at Rashtrapati Bhavan in New Delhi today. During the meeting, I extended a formal invitation to her to grace the hoisting of the Dharmadhwaj for the Nashik-Trimbakeshwar Simhastha Kumbh Mela 2027. This marks an important milestone in the preparations for the Simhastha Kumbh Mela. DCM Eknath Shinde Ji, DCM Sunetratai Ajit Pawar, Ministers and other dignitaries were present on the occasion. महामहिम राष्ट्रपती मा. श्रीमती द्रौपदी मुर्मूजी यांची आज नवी दिल्ली येथील राष्ट्रपती भवन येथे भेट घेतली. यावेळी त्यांना नाशिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभमेळा 2027 चा धर्मध्वज फडकावण्यासाठी सन्मानपूर्वक निमंत्रित केले. सिंहस्थ कुंभमेळा सोहळ्याच्या पूर्वतयारीतील हा एक महत्त्वपूर्ण टप्पा आहे. भेटीप्रसंगी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदेजी आणि उपमुख्यमंत्री सुनेत्राताई अजित पवार, मंत्रिमंडळातील सदस्य व अन्य पदाधिकारी उपस्थित होते. @rashtrapatibhvn @mieknathshinde @SunetraA_Pawar @girishdmahajan @dadajibhuse @Narhari_Zirwal @himgauriaher #Maharashtra #SimhasthaMahakumbh #NashikKumbhMela
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) October 21, 2026
राष्ट्रपति को इन कार्यक्रमों में शामिल होने का न्योता
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राष्ट्रपति को धर्मध्वज फहराने के साथ-साथ कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इनमें पवित्र गोदावरी नदी की गोदा आरती, कुंभ मेला प्राधिकरण की वेबसाइट का उद्घाटन, कुंभ मेला गीत का विमोचन, कुंभ मेले पर आधारित कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन और विशेष डाक टिकट का अनावरण शामिल है। निमंत्रण को एक विशेष कलात्मक अवधारणा के तहत तैयार किया गया है। इसके बॉक्स को खोलने पर त्रि-आयामी पॉप-अप कलाकृति दिखाई देती है, जो कुंभ मेले की पौराणिक पृष्ठभूमि, आध्यात्मिक महत्व और भव्यता को प्रदर्शित करती है। इसका उद्देश्य नासिक की सांस्कृतिक पहचान, गोदावरी नदी की महिमा और कुंभ मेले की परंपरा को एक अनूठे अंदाज में प्रस्तुत करना है।
खास उपहार में जनजातीय उत्पादों को मिली जगह
राष्ट्रपति को भेंट किए गए उपहार सेट में जनजातीय विकास विभाग के अंतर्गत 'शबरी नेचुरल्स' के उत्पाद शामिल किए गए हैं। इनमें अगरबत्ती, मोटे अनाजों से बनी खाद्य सामग्री, फूलों से तैयार उत्पाद, बांस की वस्तुएं और जंगली शहद जैसी चीजें शामिल हैं। ये उत्पाद जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय संसाधनों और कारीगरों के कौशल को प्रदर्शित करते हैं। इसके साथ ही, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और जनजातीय समुदायों की उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी सामने लाते हैं।
येवला की पैठणी और नासिक के खास उत्पाद भी शामिल
इस उपहार सेट में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध वस्त्र कला का प्रतीक येवला की पैठणी साड़ी भी शामिल है। इसके अलावा नासिक की कृषि और खानपान संस्कृति को दर्शाने के लिए काली किशमिश, काजू, चिवड़ा, मिठाइयां और सूखे मेवे भी भेंट किए गए। इस तरह उपहार के जरिए महाराष्ट्र की आध्यात्मिक परंपरा के साथ-साथ उसकी हस्तकला, कृषि समृद्धि और स्थानीय खानपान को भी प्रदर्शित किया गया।
फडणवीस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति से मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के धर्मध्वज ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देने की बात कही। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी इस मुलाकात और निमंत्रण से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित होने वाला सिंहस्थ कुंभ मेला महाराष्ट्र की आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा। सिंहस्थ कुंभ मेले से जुड़े इन कार्यक्रमों के जरिए धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की तैयारी की जा रही है। 31 अक्टूबर का प्रस्तावित धर्मध्वज ध्वजारोहण समारोह इस आयोजन की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।