तिब्बत में गुरुवार शाम आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7 दर्ज की गई। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 लोग घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागकू क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। झटकों के कारण कई इमारतें ढह गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नागकू में 339 घर ढहे
भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान नागकू शहर और आसपास के इलाकों में हुआ है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यहां कम से कम 339 घर ढह गए हैं। राहत और बचाव कार्यों के लिए 1600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया है। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रशासन ने जरूरतमंदों के लिए 1000 प्रीफैब्रिकेटेड घर, 3000 टेंट, फोल्डिंग बेड, फ्लैशलाइट और सर्दियों के कपड़ों की व्यवस्था की है।
संचार व्यवस्था ठप, हाईवे बंद
भूकंप के बाद क्षेत्र के कई हिस्सों में संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है। चट्टानें खिसकने के कारण नेशनल हाईवे 317 का एक हिस्सा बंद करना पड़ा। सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। फिलहाल इस मार्ग पर केवल आपातकालीन, बचाव और आधिकारिक सहायता वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों के संचालन को रोकने के लिए भी आपातकालीन कदम उठाए गए हैं।
पांच साल का सबसे बड़ा भूकंप
चीन के सरकारी प्रसारक CCTV के अनुसार, यह पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। शुक्रवार सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर 4.4 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। नागकू में राहत कार्यों के बीच कड़ाके की ठंड भी चुनौती बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बर्फबारी होने की आशंका जताई है। ऐसे में प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।