फिलीपींस में शुक्रवार को ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना के दो विमानों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में चार पायलट की जान चली गई। टक्कर के बाद दोनों विमान मनीला के दक्षिण में स्थित लीपा शहर के फर्नांडो एयर बेस में गिर गए। हादसे के बाद फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 ट्रेनिंग विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध जांच पूरी होने तक लागू रहेगा।
कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे दोनों विमान
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों SF-260 विमान कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे। इसी दौरान वे आपस में टकरा गए। हादसे के बाद एक विमान का मलबा सैन्यकर्मियों के बैरक के पास जा गिरा। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। SF-260 विमान इटली में बनाए गए थे और इनका इस्तेमाल पायलटों को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। फिलीपींस की सेना लंबे समय से बजट की कमी के चलते अपने लड़ाकू विमानों, नौसेना और थलसेना के आधुनिकीकरण में चुनौतियों का सामना कर रही है।
SF-260 विमानों से जुड़े पहले भी हादसे
फिलीपींस में SF-260 विमानों से जुड़ी दुर्घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में दो पायलट की जान गई थी। वहीं, 2023 में भी ट्रेनिंग उड़ान के दौरान एक SF-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस घटना में भी दो पायलट की जान गई थी।
इस साल हवा में टक्कर की पांचवीं बड़ी घटना
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल दुनिया में हवा में विमानों के टकराने की यह पांचवीं बड़ी घटना है। फिलीपींस में हुए इस हादसे ने सैन्य प्रशिक्षण के दौरान उड़ान सुरक्षा और विमानों के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।