पेट्रोल निर्यात शुल्क खत्म, डीजल-ATF महंगे

Petrol Export Tax: त्योहार से पहले सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट टैक्स खत्म; डीजल और ATF पर बढ़ाया शुल्क

31 अक्टूबर से दो सप्ताह के लिए पेट्रोल निर्यात शुल्क शून्य किया गया है। डीजल शुल्क 11.50 रुपये और ATF शुल्क 11 रुपये प्रति लीटर हुआ।

By : सोनिया रायकवार
Petrol Export Tax: त्योहार से पहले सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट टैक्स खत्म; डीजल और ATF पर बढ़ाया शुल्क

त्योहारों के सीजन के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात शुल्क में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) को पूरी तरह खत्म कर दिया है। वहीं, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाला शुल्क बढ़ा दिया गया है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नई दरें 31 अक्टूबर से अगले दो सप्ताह तक लागू रहेंगी।

पेट्रोल के निर्यात पर टैक्स शून्य

सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले 2.50 रुपये प्रति लीटर के विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को समाप्त कर दिया है। यानी अब पेट्रोल के निर्यात पर यह शुल्क नहीं देना होगा। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर लगातार नजर रख रही है।

डीजल और ATF पर बढ़ाया गया शुल्क

डीजल के निर्यात पर कुल शुल्क 8.50 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 11.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसमें SAED और रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सेस शामिल हैं। यानी डीजल के निर्यात पर कुल 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के निर्यात पर लगने वाला SAED भी 10.50 रुपये से बढ़ाकर 11 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसमें 50 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

हर 15 दिन में होती है शुल्क की समीक्षा

सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को ध्यान में रखते हुए हर 15 दिन में इन शुल्कों की समीक्षा करती है। इसी प्रक्रिया के तहत 31 अक्टूबर को नई दरों की अधिसूचना जारी की गई है। ये दरें अगले दो सप्ताह तक प्रभावी रहेंगी।

मार्च 2026 में लगाए गए थे शुल्क

पेट्रोल, डीजल और ATF के निर्यात पर ये शुल्क पहली बार 27 मार्च 2026 को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी के बीच लगाए गए थे। इनका उद्देश्य घरेलू बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखना और असाधारण परिस्थितियों में निर्यात से होने वाले अतिरिक्त मुनाफे पर कर लगाना है। विंडफॉल टैक्स आमतौर पर उन स्थितियों में लगाया जाता है, जब बाजार की असामान्य परिस्थितियों के कारण कंपनियों को सामान्य से अधिक मुनाफा होता है। सरकार समय-समय पर बाजार की स्थिति के अनुसार इसकी दरों में बदलाव करती है।