मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की कोशिश के मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अब तक मिले सुरागों के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, घटना के पीछे साजिश रचने वाले लोगों की पहचान भी की जाएगी।
संदिग्धों की पहचान, जल्द गिरफ्तारी के प्रयास
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं। इनके आधार पर कुछ लोगों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जांच केवल घटना में सीधे तौर पर शामिल लोगों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके पीछे साजिश रचने वालों का भी पता लगाया जाएगा।
महाराष्ट्र के बाहर बैठे लोगों की भूमिका की भी जांच
फडणवीस ने कहा कि पुलिस उन लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश करेगी, जो कथित तौर पर दूर बैठकर इस घटना को अंजाम देने के निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि साजिश में शामिल कुछ लोग महाराष्ट्र के बाहर या विदेश से काम कर रहे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय किया जाएगा। यदि जांच में विदेश से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आती है, तो केंद्र सरकार की मदद से उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात
इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने अभिनेता को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। फिलहाल, मुंबई पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना में शामिल संदिग्धों की गिरफ्तारी और कथित साजिश के पीछे मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर जांच के नतीजों का इंतजार है।