प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दोहरीघाट थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 243/26 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तस्वीर के साथ दिखी पूजा सामग्री

वायरल तस्वीर को लेकर दावा किया जा रहा है कि उसमें प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के साथ नींबू, नारियल और अन्य पूजा सामग्री दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर इस सामग्री को कथित तंत्र-मंत्र से जोड़कर साझा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घोसी सीओ ने दी जानकारी
घोसी क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री की तस्वीर से संबंधित सोशल मीडिया सामग्री के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में जांच जारी है। तस्वीर किसने साझा की और इसके पीछे क्या वजह थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।