महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कैबिनेट बैठक के बाद किसानों के लिए राहत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य के करीब 73 लाख किसानों के बैंक खातों में अग्रिम सहायता के तौर पर 5,000 रुपये जमा किए जा चुके हैं। सरकार के मुताबिक, अगले दो दिनों में लगभग 95 प्रतिशत किसानों के खातों में यह राशि पहुंच जाएगी।
🕜 1.13pm | 4-11-2026📍Mumbai. LIVE | Media Interaction #Maharashtra #Mumbai https://t.co/VR2czLdQ9b
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) November 4, 2026
बाकी किसानों को भी जल्द मिलेगी राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी समस्याओं या दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण कुछ किसानों को राशि मिलने में देरी हो सकती है। प्रशासन इन समस्याओं को दूर करने में जुटा है, ताकि बाकी पात्र किसानों तक भी सहायता पहुंच सके।
कर्जमाफी योजना के तहत ₹4,764 करोड़ जारी
फडणवीस ने ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर कर्जमाफी योजना’ के तहत भी राहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत एकमुश्त 4 लाख 86 हजार पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 4,764 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं।
मराठवाड़ा के किसानों को सबसे ज्यादा लाभ
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस किस्त में सबसे अधिक लाभ सूखे और अन्य समस्याओं से प्रभावित मराठवाड़ा क्षेत्र के किसानों को मिला है। क्षेत्र के करीब 2 लाख 76 हजार से अधिक किसानों के खातों में कर्ज राहत की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।
अब तक 21 लाख किसानों को मिली कर्जमाफी
फडणवीस ने बताया कि पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर कर्जमाफी योजना के तहत अब तक करीब 21 लाख किसानों के खातों में राशि जमा की जा चुकी है। सरकार के मुताबिक, इस प्रक्रिया में अब तक लगभग 19,000 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य सभी पात्र किसानों को कर्ज से राहत देना है। आने वाले दिनों में बाकी पात्र किसानों के खातों में भी चरणबद्ध तरीके से राशि भेजी जाएगी।