महाराष्ट्र सरकार ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य के 282 नौसेना अग्निवीरों की पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। इन नियुक्तियों से जुड़े आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अग्निवीरों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
282 नौसेना अग्निवीरों की होगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने के लिए नियमों में जरूरी बदलाव किए हैं। इसके बाद 282 नौसेना अग्निवीरों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है।
आनंदाची बातमी! देशासाठी लढणार्या अग्निवीरांना शासकीय नोकरीत आरक्षण देण्याचा निर्णय आम्ही राज्य मंत्रिमंडळात घेतला होता. त्यानुसार, नियमात आवश्यक ते बदल करुन आता 282 अग्निवीरांना नियुक्ती देण्यास मंजुरी प्रदान करण्यात आली आहे. केंद्र सरकारकडून महाराष्ट्र राज्याचे अधिवासी असलेल्या 282 नौदल अग्निवीरांची पहिली यादी राज्य सरकारला प्राप्त झाली होती. त्यानुसार, 150 खलाशी डेकसाईड आणि 132 खलाशी इंजिनसाईड अशा 282 अग्निवीरांना पोलिस शिपाई म्हणून नियुक्ती देण्यात आली आहे आणि तसे आदेशही त्यांना प्रदान करण्यात आले आहेत. नव्या भूमिकेत या सर्वांना माझ्या खूप खूप शुभेच्छा! #Agniveer #Maharashtra @adgpi
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) October 23, 2026
इनमें 150 सीमैन डेकसाइड और 132 सीमैन इंजनसाइड शामिल हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, केंद्र सरकार से इन अग्निवीरों की पहली सूची महाराष्ट्र सरकार को मिल गई है। चयनित युवाओं को पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर नियुक्ति के आदेश सौंपे गए हैं।
असम में भी अग्निवीरों के लिए आरक्षण का फैसला
महाराष्ट्र से पहले असम सरकार भी अग्निवीरों के लिए आरक्षण का फैसला कर चुकी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य के स्थायी निवासियों को पुलिस, कमांडो बटालियन, जेल, फायर सर्विस, SDRF, वन विभाग और आबकारी विभाग में कॉन्स्टेबल और समकक्ष पदों पर 12 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया था। वहीं, गुजरात में भी पूर्व अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में राहत देने का ऐलान किया गया है। ऐसे में अलग-अलग राज्यों में सैन्य सेवा पूरी करने वाले युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
कौन होते हैं अग्निवीर?
अग्निवीर वे युवा होते हैं, जिनका चयन केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत सशस्त्र बलों में सेवा के लिए किया जाता है। इस योजना के तहत युवाओं को चार साल तक सेना, नौसेना या वायुसेना में सेवा करने का अवसर मिलता है। योजना का उद्देश्य सशस्त्र बलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और सैन्य सेवा के बाद उन्हें अनुशासित, प्रशिक्षित और कुशल कार्यबल के रूप में आगे के अवसर उपलब्ध कराना है। राज्यों की ओर से सरकारी नौकरियों में आरक्षण या अन्य सुविधाएं देने के फैसले इसी दिशा में उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा हैं।