लद्दाख में नामिका ला पास के पास एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों की जान चली गई। सेना का एक भारी वाहन नेशनल हाईवे-1 पर अनियंत्रित होकर करीब 600 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चला रहे ड्राइवर और को-ड्राइवर की जान चली गई। अधिकारियों ने फिलहाल दोनों जवानों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। परिजनों को सूचना देने के बाद उनके नाम जारी किए जाएंगे।
तीखे मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, सेना के वाहनों का काफिला संकरी पहाड़ी सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान जरूरी सैन्य सामान ले जा रहा एक भारी वाहन तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
सेना, ITBP और NDRF ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद वाखा पुलिस, कारगिल जिला प्रशासन, सेना की यूनिट्स, ITBP, NDRF और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और कठिन परिस्थितियों के कारण राहत कार्य में काफी चुनौतियां आईं। काफी मशक्कत के बाद दोनों जवानों के शव बरामद किए गए। इसके बाद उन्हें चिकटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां जरूरी मेडिकल और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की जांच
घटना के बाद वाखा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वाहन में तकनीकी खराबी, मानवीय चूक और पहाड़ी क्षेत्र की परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
पुंछ में भी खाई में गिरा था वाहन
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट स्थित शेलधर इलाके में भी एक वाहन खाई में गिर गया था। उस हादसे में दो महिलाओं समेत छह लोगों की जान चली गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने के निर्देश दिए थे।