केरलम के नए राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के लोकभवन की रसोई में मांसाहारी खाना बनाने और परोसने पर रोक लगाने की खबर सामने आई है। इस फैसले को लेकर कांग्रेस और CPI(M) ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि राज्यपाल यह कैसे तय कर सकते हैं कि लोग क्या खाएं। राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, माथुर शाकाहारी हैं और इसी वजह से लोकभवन की रसोई में यह बदलाव किया गया है। हालांकि, सूत्रों ने स्पष्ट किया कि लोकभवन के अन्य कर्मचारियों के खान-पान पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है।
कांग्रेस ने कहा- राज्यपाल ने हद पार की
कांग्रेस के महासचिव और अलप्पुझा से सांसद केसी वेणुगोपाल ने इस फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केवल शाकाहारी खाना बनाने का निर्देश देना उचित नहीं है। केरलम की खान-पान की संस्कृति अलग है और तटीय राज्य होने के कारण यहां मछली का सेवन भी आम है। वेणुगोपाल ने कहा कि लोगों को अपनी पसंद के अनुसार शाकाहारी या मांसाहारी भोजन चुनने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।
राज्यपाल कार्यालय ने दी सफाई
राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, लोकभवन की रसोई में तैयार खाना मुख्य रूप से राज्यपाल और उनके निजी स्टाफ के कुछ सदस्यों को दिया जाता है। अन्य कर्मचारी या तो घर से खाना लाते हैं या बाहर भोजन करते हैं। सूत्रों का कहना है कि उनके खाने की पसंद पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। इस मामले में विवाद का मुख्य सवाल यही है कि लोकभवन की रसोई में राज्यपाल की निजी खान-पान की पसंद के मुताबिक बदलाव करना और कर्मचारियों के भोजन पर प्रतिबंध लगाना दो अलग बातें हैं। कार्यालय की ओर से कर्मचारियों पर किसी तरह की पाबंदी से इनकार किया गया है।