दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब धरना-प्रदर्शन करना आसान नहीं होगा। केंद्र सरकार ने इसे निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी की सिफारिशों के बाद अब दिल्ली में रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में तय किया गया है।
इस फैसले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को भी झटका लगा है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR पर रोक लगाने की मांग को लेकर सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी मंजूरी देने से इनकार कर दिया।
36 दिन तक जंतर-मंतर पर चला था प्रदर्शन
CJP ने इससे पहले 20 जून से 25 जुलाई तक NEET पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन 36 दिन तक चला। इस दौरान एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे।
पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के बीच 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद धरना खत्म कर दिया गया था।
गृह मंत्रालय की कमेटी ने सुझाए तीन स्थान
गृह मंत्रालय ने धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक जगहों की पहचान करने के उद्देश्य से एक कमेटी बनाई थी। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों के रूप में चुना गया है।
इन तीनों जगहों पर प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और नियमों को लेकर संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी। फिलहाल जारी आदेश में इन दिशा-निर्देशों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है।
1993 से जंतर-मंतर पर होने लगे थे प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की शुरुआत 1993 में हुई थी। इससे पहले दिल्ली में बड़े प्रदर्शन संसद के पास स्थित बोट क्लब में आयोजित किए जाते थे। 1988 में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में यहां बड़ा किसान आंदोलन हुआ था। इसके बाद बोट क्लब पर भीड़ जुटाने को लेकर सख्ती बढ़ाई गई।
1993 में बोट क्लब पर प्रदर्शन करने पर रोक लगने के बाद जंतर-मंतर धरना-प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बन गया। संसद के नजदीक होने के कारण यहां प्रदर्शन करके सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाना आसान माना जाता था। धीरे-धीरे यह जगह विभिन्न आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों के लिए पहचानी जाने लगी।
हालांकि, जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल बनाने के लिए शुरुआत में अलग से कोई औपचारिक सरकारी मंजूरी नहीं दी गई थी। दिल्ली पुलिस यहां प्रदर्शन की अनुमति देती रही और समय के साथ यह व्यवस्था चलन में आ गई।
2017 में भी लगी थी प्रदर्शन पर रोक
साल 2017 में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रोकने का आदेश आया था। आसपास रहने वाले लोगों ने शोर और गंदगी की शिकायत की थी। इसके बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने यहां प्रदर्शन रोकने और प्रदर्शनकारियों को रामलीला मैदान भेजने का आदेश दिया था।
हालांकि, 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय इसके लिए नियम बनाने की बात कही। इसके बाद निर्धारित नियमों के तहत जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का रास्ता खुला।
अब केंद्र सरकार के नए फैसले के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर फिर बदलाव हुआ है। प्रदर्शनकारियों को आगे किन प्रक्रियाओं और शर्तों का पालन करना होगा, यह संशोधित SOP जारी होने के बाद स्पष्ट होगा।