बोस्निया और हर्जेगोविना में इटली का एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 29 अक्टूबर 2026 को हुए इस हादसे में चार सैन्य कर्मियों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में कुल 15 लोग सवार थे। यूरोपीय संघ की शांति सेना (EUFOR) ने दुर्घटना की पुष्टि की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशिक्षण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, इटली का चिनूक CH-47 सैन्य हेलीकॉप्टर गुरुवार शाम नियमित प्रशिक्षण अभियान में शामिल था। इसी दौरान बोस्निया के उत्तरी हिस्से में ब्रचको क्षेत्र के पास गोरिस सेक्टर में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय आपातकालीन सेवाओं और EUFOR की संपर्क एवं निगरानी टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे।
11 घायलों की हालत स्थिर
EUFOR के पब्लिक अफेयर्स ऑफिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हादसे में घायल हुए 11 सैन्य कर्मियों की हालत स्थिर बताई गई है। उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है। राहत की बात यह है कि दुर्घटना में किसी नागरिक के घायल होने की खबर नहीं है। साथ ही आसपास के नागरिक बुनियादी ढांचे, संपत्ति और वाहनों को भी नुकसान नहीं पहुंचा है।
इटली की प्रधानमंत्री ने जताया दुख
La notizia del tragico incidente che ha coinvolto un elicottero italiano di EUFOR in Bosnia-Erzegovina è motivo di profondo dolore. Il mio pensiero va alle vittime, alle loro famiglie e a tutti coloro che, impegnati nella missione per la pace e la stabilità della regione, stanno vivendo ore di angoscia. A loro va la mia più sincera vicinanza e quella del Governo italiano.
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) October 29, 2026
हादसे पर इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों और शांति स्थापना अभियान में शामिल लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति शोक संवेदना जाहिर की। इटली के रक्षा मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।