भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने गगनयान मिशन के क्रू मॉड्यूल (CM) और सर्विस मॉड्यूल (SM) को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) में हुए इन परीक्षणों से सेपरेशन सिस्टम के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है। ISRO का लक्ष्य 2026 में गगनयान का पहला मानवरहित मिशन G1 लॉन्च करना है।
अंतरिक्ष में दोनों मॉड्यूल का अलग-अलग काम
गगनयान का ऑर्बिटल मॉड्यूल क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल से मिलकर बनता है। सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराता है, जबकि क्रू मॉड्यूल को अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पृथ्वी पर लौटना होता है। पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश से पहले दोनों को अलग करना जरूरी है, ताकि क्रू मॉड्यूल अपने हीट शील्ड की मदद से सुरक्षित वापसी कर सके।
टेस्टिंग में इन अहम सिस्टम की जांच
परीक्षण के दौरान दोनों मॉड्यूल की जुड़ी हुई संरचना तैयार कर विभिन्न उपकरणों की मदद से सेपरेशन प्रक्रिया की जांच की गई। इसमें एवियोनिक्स, इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम, थर्मल प्रोटेक्शन सिस्टम और क्रू मॉड्यूल अप-राइटिंग सिस्टम से जुड़े हिस्सों की मजबूती और झटके सहने की क्षमता भी परखी गई। दोनों मॉड्यूल के बीच बिजली और तरल पदार्थों की सप्लाई करने वाले कनेक्शन का सही क्रम में अलग होना भी महत्वपूर्ण है।
सुरक्षित लैंडिंग और इमरजेंसी से बचाव
पृथ्वी पर वापसी के दौरान हीट शील्ड क्रू मॉड्यूल को तेज गर्मी से बचाएगी, जबकि पैराशूट उसकी गति कम करने में मदद करेंगे। समुद्र में उतरने के बाद अप-राइटिंग सिस्टम मॉड्यूल को सही स्थिति में रखने में सहायक होगा। उड़ान के दौरान गंभीर आपात स्थिति आने पर क्रू एस्केप सिस्टम अंतरिक्ष यात्रियों को रॉकेट से दूर ले जाने के लिए बनाया गया है। ISRO अक्टूबर 2023 में इसका TV-D1 परीक्षण भी कर चुका है।
2027 में अंतरिक्ष में जाएंगे भारतीय अंतरिक्ष यात्री
गगनयान के पहले मानवरहित मिशन G1 में मानव यात्रियों के बजाय प्रणालियों की कार्यक्षमता जांची जाएगी। योजना में व्योममित्र नाम के रोबोट को भी शामिल किया गया है। इसके बाद मानवरहित परीक्षण उड़ानों की सफलता के आधार पर मानव मिशन आगे बढ़ेगा। ISRO का लक्ष्य 2027 में भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को लगभग 400 किलोमीटर की कक्षा में भेजना और करीब तीन दिन बाद उनकी सुरक्षित वापसी कराना है। इस मिशन के लिए वायुसेना के चार पायलट चुने गए हैं, जिनमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं।