नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक नागरिक और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकराए थे। हादसा सुबह करीब 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ।
एक ही हेलीपैड पर उतरने की कोशिश में टक्कर

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक, एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप की तरफ से लौट रहा था। दोनों अलग-अलग दिशाओं से एक ही हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआती रिपोर्टों में हेलीपैड पर बर्फ जमी होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, हादसे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
भारतीय पर्यटक की मौत, न्यूजीलैंड का नागरिक घायल
अधिकारियों के अनुसार, फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की हादसे में मौत हो गई। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। उन्हें रेस्क्यू कर प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक का शव लुकला के अस्पताल ले जाया गया है।

4,371 मीटर की ऊंचाई पर है फेरीचे हेलीपैड
फेरीचे हेलीपैड समुद्र तल से करीब 4,371 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह एवरेस्ट क्षेत्र में हेलिकॉप्टर सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। यहां से पर्वतारोहियों और ट्रेकिंग के लिए आने वाले पर्यटकों को आपात स्थिति में मदद पहुंचाई जाती है। ऊंचाई पर तबीयत बिगड़ने या दुर्घटना में घायल होने पर लोगों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया जाता है।
उत्तराखंड में भी हेलिकॉप्टर क्रैश में गई थी 6 लोगों की जान

इससे चार दिन पहले 30 अक्टूबर को उत्तराखंड के चमोली जिले में भी हेलिकॉप्टर हादसा हुआ था। बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक क्रैश हो गया था। हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई थी। हेलिकॉप्टर में सवार पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इस हादसे की जांच कर रहा है।
नेपाल में हुए ताजा हादसे की वजह जानने के लिए भी जांच की जा रही है।