भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। गुरुवार को नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद उनके मुकाबले कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा। दरअसल, उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले दो अन्य उम्मीदवारों के पर्चे जांच के दौरान खारिज कर दिए गए थे। इसके बाद पुरी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
दो उम्मीदवारों के पर्चे खारिज, पुरी अकेले बचे मैदान में
राज्यसभा की इस सीट के उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी के अलावा राजकुमार लोहानी और कांते सयन्ना ने भी नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, जांच के दौरान दोनों के नामांकन पत्रों में कमियां मिलने के कारण उन्हें खारिज कर दिया गया। कांते सयन्ना के नामांकन में आवश्यक प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं थे। नियमानुसार कम से कम 10 निर्वाचित विधायकों के प्रस्तावक हस्ताक्षर जरूरी थे। वहीं, राजकुमार लोहानी निर्धारित समय तक फॉर्म-26 का शपथपत्र जमा नहीं कर सके। इसके चलते उनका पर्चा भी निरस्त कर दिया गया।
कांग्रेस की आपत्तियां भी नहीं आईं काम
हरदीप सिंह पुरी ने 31 अक्टूबर को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई मंत्री मौजूद रहे। तीन नवंबर को नामांकन जांच के दौरान कांग्रेस नेताओं और निर्दलीय उम्मीदवारों की ओर से पुरी के पर्चे पर आपत्तियां उठाई गई थीं। हालांकि, रिटर्निंग ऑफिसर ने इन आपत्तियों को खारिज करते हुए उनका नामांकन वैध माना।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने 14 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ी थी। उनका कार्यकाल दो अप्रैल 2030 तक था। भाजपा ने इस सीट पर हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया था। अब निर्विरोध निर्वाचन के साथ पुरी को राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।